विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एलसीए एमके-1ए के बेड़े में शामिल होने का बेसब्री से इंतजार : वायुसेना उप प्रमुख

Published: Tue, 22 Sep 2026 11:03 PM (IST)

वायुसेना के उप प्रमुख एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित ने बताया कि स्वदेशी लड़ाकू विमान एलसीए एमके-1ए में इंजन लगा दिए ...और पढ़ें

एलसीए एमके-1ए लड़ाकू विमानों में इंजन लगे, बेड़े में शामिल होने को तैयार (फोटो-ANI)

एलसीए एमके-1ए लड़ाकू विमानों में इंजन लगे, बेड़े में शामिल होने को तैयार (फोटो-ANI)

HighLights

  1. एलसीए एमके-1ए लड़ाकू विमानों में इंजन लगे, बेड़े में शामिल होने को तैयार।

  2. वायुसेना उप प्रमुख ने बताया, तकनीकी समस्याओं का समाधान जल्द होगा।

  3. भारतीय वायुसेना को स्वदेशी एलसीए एमके-1ए विमानों का बेसब्री से इंतजार।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। स्वदेशी लड़ाकू विमान एलसीए एमके-1ए की डिलीवरी में देरी के बीच वायुसेना के उप प्रमुख एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित ने मंगलवार को कहा कि इन विमानों में इंजन लगा दिए गए हैं और इसे बेड़े में शामिल करने से पहले उसका परीक्षण किया जा रहा है।

आगामी बहुपक्षीय युद्ध अभ्यास तरंग शक्ति से संबंधित ब्रीफिंग के दौरान एलसीए एमके-1ए के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भारतीय वायुसेना एलसीए एमके-1ए के बेड़े में शामिल होने का बेसब्री से इंतजार कर रही है।एयर मार्शल ने कहा, हिंदुस्तान एयरोनाटिक्स लिमिटेड (एचएएल) ने स्पष्ट किया है कि शुरुआत में इंजन के कारण देरी हुई। काफी इंजन नहीं मिल पाए थे। अब इंजन मिल गए हैं और उन्हें एयरक्राफ्ट में लगा दिया है।

एयरक्राफ्ट को शामिल करने से पहले उसकी पूरी तरह से टेस्टिंग की जा रही है। दो या तीन हिस्सों को लेकर तकनीकी समस्या है। उसे एक-दो महीने में सुलझा लिया जाएगा। उसके बाद विमान के बेड़े में शामिल होने का रास्ता साफ हो जाएगा। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट नहीं किया कि कितने विमानों में इंजन लगाए गए हैं या डिलीवरी कब तक होने की उम्मीद है।

गौरतलब है कि एलसीए एमके-1ए की डिलीवरी में देरी का मुद्दा एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने सार्वजनिक रूप से उठाया था। हाल ही में बेंगलुरु में एचएएल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी रक्षा प्रौद्योगिकी परियोजनाओं में देरी को उठाया था।

सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति ने 13 जनवरी, 2021 को 45,696 करोड़ रुपये की लागत से 73 एलसीए तेजस एमके-1ए लड़ाकू विमान और 10 एलसीए तेजस एमके-1 ट्रेनर एयरक्राफ्ट खरीदने की मंजूरी दी थी। एलसीए एमके-1ए स्वदेश में डिजाइन, विकसित और निर्मित अत्याधुनिक 4.5 पीढ़ी का लडाकू विमान है। इसमें एक्टिव इलेक्ट्रानिकली स्कैन्ड एरे (एईएसए) रडार, बियांड विजुअल रेंज (बीवीआर.) मिसाइल, इलेक्ट्रानिक वारफेयर सुइट और हवा में ईंधन भरने जैसी अहम खूबियां हैं।

न्यूज एजेंसी PTI के इनपुट के अनुसार