विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 03, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Newsclick के खिलाफ कार्रवाई पर क्या बोली सरकार? अनुराग ठाकुर ने कहा- एजेंसियां जांच के लिए स्वतंत्र

By Jagran NewsEdited By: Abhinav Atrey
Published: Tue, 03 Oct 2023 11:31 AM (IST)

न्यूजक्लिक के परिसरों पर हुई छापेमारी के बाद केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा मुझे इसको न्यायोचित ठहराना ठीक नहीं ...और पढ़ें

अनुराग ठाकुर ने कहा- एजेंसियां जांच के लिए स्वतंत्र हैं (फाइल फोटो)
अनुराग ठाकुर ने कहा- एजेंसियां जांच के लिए स्वतंत्र हैं (फाइल फोटो)

HighLights

  1. जो देश विरोधी काम करेंगे उनपर ऐसे ही कार्रवाई होगी- बीजेपी सांसद
  2. भारत को बदनाम करने के लिए चीन के पैसे का इस्तेमाल- आरपी सिंह
  3. न्यूजक्लिक पर पुलिस ने कई धाराओं में केस दर्ज किया है

एएनआई, नई दिल्ली। चीन से फंडिंग मिलने के आरोपों के चलते दिल्ली पुलिस ने मंगलवार (3 अक्टूबर) को न्यूज पोर्टल न्यूजक्लिक (NewsClick) से जुड़े कई पत्रकारों और पोर्टल के परिसरों के 30 से ज्यादा ठिकानों की तलाशी ली। यह तलाशी दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने की है।

न्यूजक्लिक के परिसरों पर हुई छापेमारी के बाद केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि जांच एजेंसियां स्वतंत्र हैं और वे अपनी कार्रवाई नियमों को देखकर करती हैं।

उन्होंने कहा, "मुझे इसको न्यायोचित ठहराना ठीक नहीं लगता। अगर किसी ने गलत किया है तो उस पर जांच एजेंसियां काम करती हैं। यह कहीं नहीं लिखा कि अगर आपके पास गलत तरह से पैसा आया होगा, आपत्तिजनक कार्य हुआ होगा तो उस पर जांच एजेंसी काम नहीं कर सकती। जांच एजेंसियां स्वतंत्र हैं और वे अपनी कार्रवाई नियमों को देखकर करती हैं।"

जो देश विरोधी काम करेगा उनपर ऐसे ही कार्रवाई होगी- सांसद

इस मामले पर बीजेपी नेता दुष्यन्त कुमार गौतम ने कहा कि कोई भी संस्थान जो देश विरोधी काम करेंगे उनपर ऐसे ही कार्रवाई होगी। गौतम ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "न्यूजक्लिक और इन जैसे कोई भी संस्थान जो देश विरोधी काम करेंगे उनपर ऐसे ही कार्रवाई होगी। चीन हमारे देश को बढ़ते हुए देखना पसंद नहीं करता इसलिए अनेक राष्ट्र विरोधी एजेंसियों का इस्तेमाल कर देश पर आक्रमण करने का प्रयास कर रहा है लेकिन देश बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है। ऐसी संस्थाओं को कुचला जाएगा।"

भारत को बदनाम करने के लिए चीन के पैसे का इस्तेमाल- आरपी सिंह

वहीं, दिल्ली पुलिस की न्यूजक्लिक पर कार्रवाई पर बीजेपी नेता आरपी सिंह ने कहा, "अगर कोई संस्था चीन के पैसे का इस्तेमाल करके उसका एजेंडा चलाती है, तो इसकी अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। उनके (न्यूजक्लिक) खिलाफ पहले से ही जांच चल रही थी। वे चीन को बढ़ावा देने और भारत को बदनाम करने के लिए चीन के पैसे का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी जो विदेशों से पैसा ले रहे हैं और भारत के खिलाफ काम कर रहे हैं।"

न्यूजक्लिक पर पुलिस ने इन धाराओं में केस दर्ज किया

एएनआई के सूत्रों के मुताबिक, न्यूजक्लिक से जुड़े विभिन्न परिसरों पर चल रही दिल्ली पुलिस की छापेमारी 17 अगस्त को UAPA और IPC की अन्य धाराओं के तहत दर्ज मामले पर आधारित है। UAPA, IPC की धारा 153A (दो समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना), IPC की धारा 120B (आपराधिक साजिश) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

ये भी पढ़ें: TDP नेता बी सत्यनारायण मूर्ति गिरफ्तार, आंध्र प्रदेश के पर्यटन मंत्री के खिलाफ की थी अपमानजनक टिप्पणी