दिल्ली के बिजवासन के एक गोदाम में लगी आग, मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियां
दिल्ली के बिजवासन में मौजूद एक गोदाम में शुक्रवार तड़के आग लग गई। आग को बुझाने के लिए मौके पर 14 दमकलकर्मी की गाड़ियां पहुंच गई हैं। आग को बुझा लिया गया है
नई दिल्ली, एएनआइ। दिल्ली के बिजवासन में मौजूद एक गोदाम में शुक्रवार तड़के आग लग गई। आग को बुझाने के लिए मौके पर 14 दमकलकर्मी की गाड़ियां पहुंच गई हैं।आग को बुझा लिया गया है। फिलहाल इस हादसे में किसी के भी घायल होने की कोई सूचना नहीं आई है। यह आग कैसे लगी इसके बारे में भी अभी तक कोई जानकारी प्राप्त नहीं हुई है।
दिल्ली के गोदाम में आग लगने की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी दिल्ली के कई इलाकों में आग लगने की घटना हो चुकी है। इससे पहले दिल्ली 9 जनवरी को पटपड़ज औद्योगिक क्षेत्र में भीषण आग लगी थी। बताया गया कि यह आग पेपर प्रिंटिंग प्रेस में लगी थी। इस हादसे में एक शख्स के मरने की खबर भी आई थी। पटपड़गंज इंडस्ट्रियल इलाके में लगी भीषण आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 35 गाड़ियां मौके पहुंची थी।
दिल्ली के अनाज मंडी में आग
इससे पहले 8 दिसंबर 2019 को दिल्ली के फ़िल्मिस्तान इलाके में रानी झांसी रोड के पास अनाज मंडी में रविवार तड़के भीषण आग लग गई। ताजा जानकारी के मुताबिक आग में झुलसने से अब तक 43 लोगों की मौत हुई थी। गंभीर रूप से झुलसे लोगों को दिल्ली के लेडी हार्डिंग, सफदरजंग और एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस भीषण अग्निकांड मामले में सदर बाजार थाना पुलिस ने लापरवाही का मुकदमा दर्ज किया है। यह केस फैक्ट्री मालिक रिहान के खिलाफ दर्ज किया गया है। जांच केस क्राइम ब्रांच को सौंपी गई है। फैक्ट्री मालिक रिहान समेत दो को पुलिस गिरफ्तार किया गया था।
इस अग्निकांड में मारे गए मृतकों के परिजनों को दिल्ली सरकार, केंद्र सरकार और दिल्ली भाजपा की तरफ से कुल 17-17 लाख मुआवजा दिया जाएगा। जबकि घायलों को 75-75 हजार आर्थिक मदद देने का एलान किया गया था। आर्थिक मदद में 10-10 लाख मुआवजा दिल्ली सरकार मृतकों के परिजनों को देने का एलान किया गया था। जबकि 5-5 लाख आर्थिक मदद दिल्ली भाजपा मृतकों के परिजनों को देने का एलान किया गया था। इसके अलावा 2-2 लाख आर्थिक मदद प्रधानमंत्री राहत कोष की तरफ से की गई थी।