विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

AI समिट का असर, 25 लाख तक पहुंचा पांच सितारा होटलों का किराया

Published: Mon, 09 Feb 2026 08:29 PM (IST)

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आगामी इंडिया एआई इंपैक्ट समिट के कारण पांच सितारा होटलों के किराए में भारी उछाल आया ...और पढ़ें

इंडिया एआई इंपैक्ट समिट 2026।

इंडिया एआई इंपैक्ट समिट 2026।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आगामी इंडिया एआई इंपैक्ट समिट 2026 के चलते पांच सितारा होटलों के कमरों और लग्जरी सुइट्स के किराये में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है।

ताज पैलेस और द ओबेराय जैसे प्रतिष्ठित होटलों ने 18 फरवरी की चेक-इन तारीख के लिए अपने प्रीमियम सुइट्स की कीमत 25 लाख रुपये प्रति रात (करों के अतिरिक्त) तक निर्धारित कर दी है। होटल वेबसाइटों पर प्रदर्शित दरों के अनुसार यह बढ़ोतरी सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना अधिक है।

25 लाख तक पहुंचा पांच सितारा होटलों का किराया

तुलनात्मक आंकड़ों से पता चलता है कि जहां फरवरी के सामान्य दिनों में ताज पैलेस का लग्जरी सुइट लगभग 90 हजार रुपये प्रति रात में उपलब्ध था, वहीं समिट की तारीख के आसपास यही सुइट 25 लाख रुपये तक पहुंच गया है। इसी तरह द ओबेराय होटल में भी प्रीमियर रूम की कीमत 55 हजार रुपये से बढ़कर 5.5 लाख रुपये प्रति रात तक दर्ज की गई है।

अन्य प्रमुख होटलों में भी यही रुझान देखने को मिल रहा है। द लीला पैलेस में 18 फरवरी के लिए लग्जरी सुइट की कीमत 17 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है, जबकि सामान्य दिनों में यही कमरा करीब तीन लाख रुपये में उपलब्ध रहता है।

आइटीसी मौर्य ने कुछ तारीखों को “रिस्ट्रिक्टेड डेट” घोषित कर दिया है, जिससे बुकिंग सीमित हो गई है। होटल उद्योग से जुड़े जानकारों का कहना है कि यह बढ़ोतरी पूरी तरह डायनेमिक प्राइसिंग और मांग-आपूर्ति के अंतर का परिणाम है।

सम्मेलन के लिए अब तक 35 हजार पंजीकरण

16 से 20 फरवरी के बीच भारत मंडपम में आयोजित होने वाले इस एआई समिट को अब तक के सबसे बड़े वैश्विक एआई सम्मेलनों में गिना जा रहा है।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, कार्यक्रम के लिए 35 हजार से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं और 100 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। इसमें 15–20 देशों के शासनाध्यक्ष, 50 से अधिक मंत्री, 40 से ज्यादा वैश्विक व भारतीय कंपनियां तथा लगभग 500 प्रमुख तकनीकी विशेषज्ञ, शोधकर्ता और सीटीओ भाग लेने वाले हैं।

और बढ़ सकता है किराया

तेजी से बढ़ते किरायों और लगभग फुल आक्यूपेंसी के कारण आम पर्यटकों और व्यावसायिक यात्रियों की योजनाओं पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। कई होटलों ने स्पष्ट किया है कि दरें उपलब्धता और मांग के अनुसार बदल सकती हैं तथा इनमें कर और अन्य शुल्क अलग से जोड़े जाएंगे।

आम और खास दिनों में किराए में भारी अंतर

होटल-----------सामान्य किराया (11 फरवरी)-------खास किराया (19 फरवरी)

  • द ताज पैलेस------90 हजार रुपये---------------25 लाख रुपये (टैक्स अलग)
  • द लीला पैलेस-----2,94,490-----------------17,29,490
  • द ओबेरॉय--------55,000--------------------5,50,000
  • आइटीसी मौर्या-----37,000-------------------1,15.000

एआई समिट की बड़ी बातें

  • 35 हजार पंजीकरण अब तक हुए एआई सम्मेलन के लिए
  • 100 देशों के प्रतिभागियों के हिस्सा लेने की उम्मीद
  • 20 राष्ट्र प्रमुख सम्मेलन में होंगे शामिल
  • 50 से अधिक मंत्रियों के हिस्सा लेने की उम्मीद
  • 40 से ज्यादा भारतीय व वैश्विक कंपनियां होंगी शामिल
  • 500 टेक अधिकारी, शोधकर्ता, इनोवेटर भी होंगे शामिल

यह भी पढ़ें- दुनिया के सबसे बड़े एआई समिट में लांच होगा भारत का AI मॉडल, आ रहे हैं 100 देशों के प्रतिनिधि