सेना की ताकत देखने जैसलमेर पहुंचीं रक्षा मंत्री सीतारमण, जवानों की भी सुनी
रक्षा मंत्री ने पोखरण फायरिंग रेंज और चांधन में सेना के तोप और टैंकों का अभ्यास देखा। उन्होंने वहां तैनात जवानों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को भी सुना।
जयपुर, जेएनएन। देश की रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को राजस्थान के जैसलमेर की पोखरण फायरिंग रेंज और चांधन में भारतीय सेना के तोप और टैंकों का अभ्यास देखा। रक्षा मंत्री ने देश में विकसित अर्जुन टैंक की गोलाबारी भी देखी। तपते रेगिस्तान में रक्षा मंत्री में इन दोनों में काम लिए जाने वाले गोलों के साथ ही दोनों के बारे में विस्तृत जानकारी हासिल की। उन्होंने वहां तैनात जवानों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना।
निर्मला सीतारमण सुबह भारत के दूसरे परमाणु बम परीक्षण स्थल खेतोलाई पहुंचीं। यहां देश में निर्मित धनुष तोप का परीक्षण चल रहा है। उन्होंने पहले गोलाबारी देखी और फिर इसके बारे में विस्तृत जानकारी हासिल की। इसके बाद एक बार फिर परीक्षण का दौर चला।
खेतोलाई के समीप ही फायरिंग रेंज में चल रहे अर्जुन टैंक के उन्नत वर्जन का परीक्षण देखने भी पहुंचीं। देश में विकसित इस टैंक के ऊपर चढ़ उन्होंने इसे ऑपरेट करने वाले जवानों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने टैंक के अंदर से भी जायजा लिया। फिर उन्होंने इस टैंक से गोलाबारी का नजारा देखा।
रक्षा मंत्री पोखरण फायरिंग रेंज में मौजूद जवानों की एक टुकड़ी के बीच भी जा पहुंचीं। जवानों से रक्षा मंत्री ने अपनी समस्याओं के बारे में खुलकर बताने को कहा। जवानों ने उन्हें कुछ सुझाव दिए। पोखरण के बाद निर्मला सीतारमण जोधपुर पहुंचीं। जोधपुर एयरबेस पर डीआरडीओ के डायरेक्टर ने उनका स्वागत किया। यहां से वह सीधे रक्षा प्रयोगशाला गई। यहां उन्होंने वैज्ञानिकों के बीच जाकर यहां विकसित उत्पादों के बारे में जानकारी ली।
यह भी पढ़ें: पीएम मोदी अौर राहुल गांधी हुए सुषमा के मुरीद, पाक को लताड़ने पर दी बधाई