राहुल गांधी, येचुरी के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज
आरोप है कि पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता गौरी लंकेश की हत्या के लिए दोनों राजनेताओं ने सीधे तौर पर संघ को जिम्मेदार ठहराया था।
मुंबई, प्रेट्र : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यकर्ता ध्रितुमन जोशी ने यहां मजिस्ट्रेट कोर्ट में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और माकपा महासचिव सीताराम येचुरी के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज कराया है। जोशी का आरोप है कि पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता गौरी लंकेश की हत्या के लिए दोनों राजनेताओं ने सीधे तौर पर संघ को जिम्मेदार ठहराया था। गौरी की छह सितंबर को बेंगलुरु में तीन हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
गत शुक्रवार को याचिका दाखिल करने वाले जोशी ने बताया, 'मैंने आपराधिक मानहानि का मामला दर्ज कराया है। मामले में 22 अक्टूबर को सुनवाई हो सकती है।'
याचिका में जोशी ने कहा है कि राहुल गांधी और सीताराम येचुरी की कुछ तथाकथित टिप्पणियों में गौरी की हत्या के लिए आरएसएस को जिम्मेदार ठहराया गया है। उन्होंने कहा, 'आरोपियों और दोनों राजनीतिक दलों के नेताओं ने जो बयान दिए हैं, उससे आम जनता में संघ की छवि धूमिल हुई है। इन नेताओं ने बिना किसी छानबीन और सुबूत के संघ को बदनाम करने की कोशिश की है। संघ के स्वयंसेवक होने के नाते वह खुद को अपमानित महसूस कर रहे और आम आदमी की निगाहों में चुभने लगे हैं।' जोशी ने याचिका में कांग्रेस, उसकी अध्यक्ष सोनिया गांधी और माकपा को भी पार्टी बनाया है।
महात्मा गांधी की हत्या के लिए आरएसएस को जिम्मेदार ठहराने के कारण राहुल गांधी के खिलाफ पहले ही ठाणे की भिवंडी कोर्ट में मानहानि का एक मामला चल रहा है।
यह भी पढ़ेंः SC के निर्देश के बाद तमिलनाडु में NEET को लेकर नहीं हुआ आंदोलन
यह भी पढ़ेंः बगैर पुष्टि के व्हाट्सएप मैसेज पर न विश्वास करें, न किसी को भेजें: गृहमंत्री