गीता के स्वयंवर की घड़ी नजदीक, 30 युवकों के बायोडेटा में से चुनेगी जीवनसाथी
पाकिस्तान से आई मूक-बधिर गीता के स्वयंवर की घड़ी नजदीक आ ही गई। विवाह के लिए देशभर से आए प्रस्तावों पर जल्द ही विचार मंथन होगा।
इंदौर (नईदुनिया)। आखिर पाकिस्तान से आई मूक-बधिर गीता के स्वयंवर की घड़ी नजदीक आ ही गई। विवाह के लिए देशभर से आए प्रस्तावों पर जल्द ही विचार मंथन होगा। विदेश मंत्रालय से छंटनी होकर आए 30 बायोडेटा और फोटो खुद गीता देखेगी। वह जिन बायोडेटा पर अंगुली रख देगी, उन युवकों को मुलाकात के लिए बुलवाया जाएगा। यह प्रक्रिया प्रशासनिक अफसरों व सांकेतिक भाषा विशेषज्ञों की मौजूदगी में होगी। विदेश मंत्रालय के आदेश पर गीता ढाई साल से स्कीम 71 स्थित मूक-बधिर संगठन में रह रही है। जब उसके परिवार की तलाश पूरी नहीं हो सकी तो उसकी शादी करने के विचार पर काम शुरू हुआ। फेसबुक के माध्यम से गीता के लिए दूल्हा ढूंढने के लिए पोस्ट शेयर की गई।
सामान्य युवक भी राजी
मध्यप्रदेश सहित उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, पंजाब, उत्तराखंड, बिहार आदि से 50 से ज्यादा बायोडेटा मिले। विज्ञापन में दूल्हे के भी मूक-बधिर होने की शर्त रखी गई थी, लेकिन कई सामान्य युवकों ने भी प्रस्ताव भेजे। इंदौर से सभी प्रस्ताव विदेश मंत्रालय भेजे गए। वहां से 30 युवकों के बायोडेटा इंदौर कलेक्टर ऑफिस में भेजे गए। सांकेतिक भाषा विशेषज्ञ ज्ञानेंद्र व मोनिका पुरोहित की मौजूदगी में प्रशासनिक अफसरों द्वारा बायोडेटा गीता को दिखाए जाएंगे। बुधवार को बायोडेटा चयन कार्यक्रम की संभावना है। पुरोहित दंपती द्वारा गीता को प्रत्येक युवक की जानकारी पढ़कर समझाई जाएगी। सुबह 11 बजे होने वाले इस कार्यक्रम में गीता जिन युवकों का चयन करेगी, उन्हें मिलने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। अंतिम निर्णय युवकों से मिलने के बाद होगा।
अधेड़ों ने भी भेज दिए थे प्रस्ताव
गीता की शादी करने की खबर लगते ही वीडियो कॉल व फेसबुक पर पूछताछ करने वालों की बाढ़ सी आ गई थी। इनमें कई ऐसे भी प्रस्ताव थे जो सिर्फ पैसे और नाम के लिए गीता से शादी करना चाह रहे थे। कई बेरोजगार युवा और अधेड़ों ने यह सोचकर प्रस्ताव भेज दिया था कि वे सरकार के दामाद बन जाएंगे। हालांकि संदेहास्पद बायोडेटा की पहले ही छंटनी कर दी गई थी। कुछ को विदेश मंत्रालय ने हटा दिया।
गीता की सहमति जरूरी
विदेश मंत्रालय के आदेश पर जिला पंचायत, सामाजिक न्याय विभाग व एनजीओ की मदद से गीता से विवाह के लिए आए बायोडेटा का चयन हो चुका है। गीता को जल्द ही बायोडेटा दिखाए जाएंगे और जिस भी उम्मीदवार का चयन होगा, वह पूरी तरह गीता की सहमति से ही होगा। - निशांत वरवड़े, कलेक्टर, इंदौर