असम के धुबरी जिले में देशी नाव पलटी, 50 लोग थे सवार, अब तक 7 हुए लापता; बचाव अभियान जारी
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ज्ञानेंद्र देव त्रिपाठी ने कहा कि खोज और बचाव दल मौके पर पहुंच गए हैं। बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है। कई लोगों को बचा लिया गया है।
धुबरी (असम), एएनआइ। असम के धुबरी जिले में गुरुवार को एक देशी नाव पलट गई। अधिकारियों ने कहा कि यह नाव ब्रह्मपुत्र नदी में जा रही थी। इस नाव में कम से कम 50 लोग सवार थे। नाव के पलटने से इसमें सवार कई लोग लापता हो गए हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ज्ञानेंद्र देव त्रिपाठी ने कहा कि खोज और बचाव दल मौके पर पहुंच गए हैं। बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है।
साथ ही उन्होंने कहा कि कई लोगों को बचा लिया गया है। धुरबी के सर्कल अधिकारी सहित लगभग छह से सात लोग अभी भी लापता हैं और खोज और बचाव अभियान जारी है।
बांग्लादेश में नाव पलटने से 60 की हुई थी मौत
वहीं, दूसरी ओर बांग्लादेश के पंचगढ़ में रविवार को नाव पलटने से अब तक 60 की मौत हो गई। मरने वाले लोगों में 25 महिलाएं और 13 बच्चे भी शामलि हैं। नाव में सवार होकर ये सभी लोग महालया (त्योहार) मनाने के लिए बोदेश्वरी मंदिर जा रहे थे।
सुरक्षा मानकों में ढील और ओवरलोडिंग के कारण बांग्लादेश में नाव की दुर्घटनाएं अब आम हो चली हैं। बांग्लादेश दो बड़ी नदियों गंगा और ब्रह्मपुत्र नदी के निचले मार्ग पर स्थित है। यह देश कुल 230 नदियों से घिरा हुआ है।
यह भी पढ़ें : Iran Hizab Protest: ईरानी प्रदर्शन के समर्थन में अफगानिस्तानी महिलाओं ने निकाली रैली, तालिबान की फायरिंग