वैक्सीन आने से पहले भारत में कोरोना की रफ्तार हुई धीमी, जानिए रोजाना कितने आ रहे नए मामले
देश में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 98.57 लाख और ठीक हो चुके मरीजों का आंकड़ा 93.57 लाख पर पहुंच गया है। महामारी के चलते 143019 लोगों की अब तक जान भी जा चुकी है। सक्रिय मामले 356546 रह गए हैं जो कुल संक्रमितों का 3.62 फीसद है।
नई दिल्ली, जेएनएन। वैक्सीन आने से पहले भारत में कोरोना की रफ्तार धीमी पड़ती जा रही है। पिछले एक हफ्ते से रोजाना लगभग 30 हजार नए मामले मिल रहे हैं और पांच सौ से कम मौतें भी हो रही हैं। जांच में तेजी और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार के चलते सक्रिय मामलों की संख्या भी लगातार कम हो रही है। नए मामलों से अधिक मरीजों के ठीक होने का सिलसिला भी बना हुआ है। महामारी से उबरने की दर बढ़कर 94.93 फीसद पर पहुंच गई है, जबकि मृत्युदर पिछले कुछ दिनों से 1.45 फीसद पर बनी हुई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की तरफ से रविवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों के दौरान 30,254 नए केस मिले हैं, 33,136 मरीज ठीक हुए हैं और 391 मरीजों की जान भी गई है। छह दिसंबर के बाद एक दिन को छोड़कर रोज सामने आने वाले नए मामलों की संख्या 30 हजार के आस पास ही रही है।
देश में कुल 3 लाख से ज्यादा हैं सक्रिय मामले
नौ दिसंबर को 35 हजार से अधिक नए केस मिले थे। देश में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 98.57 लाख और ठीक हो चुके मरीजों का आंकड़ा 93.57 लाख पर पहुंच गया है। महामारी के चलते 1,43,019 लोगों की अब तक जान भी जा चुकी है। सक्रिय मामले 3,56,546 रह गए हैं, जो कुल संक्रमितों का 3.62 फीसद है।
अब तक 15.37 करोड़ कोरोना टेस्ट
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के मुताबिक कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए अब तक 15.37 करोड़ नमूनों का परीक्षण किया जा रहा है। इसमें शुक्रवार को 10.14 लाख नमूनों की जांच भी शामिल है।
गौरतलब है कि विश्वभर में कोरोना कुल आंकड़ों पर नजर डाले तो पहले नंबर पर अमेरिका है और फिर उसके बाद भारत है। हालांकि भारत में कोरोना की रिकवरी दर अन्य देशों की अपेक्षा बहुत अच्छी है।