Coronavirus: राष्ट्रपति ने सभी राज्यों के राज्यपाल से की बात, COVID-19 पर सभी के कार्यों को सराहा
Coronavirus इसके साथ ही उन्होंने इस चुनौती से निपटने के लिए कामों में लगे स्वास्थ्य पेशेवरों के काम की सराहना की।
नई दिल्ली, एएनआ। कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और उपराष्ट्रपति वैंकेया नायुडू ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के राज्यपाल से बात की। इसके साथ ही उन्होंने इस चुनौती से निपटने के लिए कामों में लगे स्वास्थ्य पेशेवरों के काम की सराहना की।
बता दें कि देशभर में कोरोना वायरस का प्रकोप अब बढ़ता जा रहा है। भारत में कोरोना से संक्रमितों की संख्या 700 का आंकड़ा पार कर चुकी है तो वहीं अमेरिका और और इटली में 80,000 से ज्यादा लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक वर्तमान समय में देश में COVID-19 से संक्रमितों की संख्या 724 है, जिनमें से 640 मरीज का इलाज अस्पताल में चल रहा है। वहीं 66 मरीज ठीक होकर अपने घर पहुंच चुके हैं। इसके अलावा 17 लोगों की इसकी चपेट में आने से मौत हो चुकी है।
अमेरिका में सबसे ज्यादा संक्रमित
अमेरिका ने इस मामले में चीन को पीछे छोड़ दिया है। दुनियाभर में यहां सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं। यहां 85,000 से ज्यादा लोग इसके संक्रमण का शिकार हो चुके हैं। तो वहीं इटली में 80,000 से ज्यादा लोग इसकी चपेट में आए हैं। यहां 8 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।