Coronavirus India: देश में 229 दिनों बाद एक दिन में 170 से कम मौतें, अब तक 1.51 लाख लोगों की गई जान
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे के दौरान कोरोना महामारी के चलते 161 लोगों की जान गई 16311 नए केस मिले और 16959 मरीज ठीक हुए। इसके साथ ही मृतकों का आंकड़ा 151160 पर पहुंच गया।
नई दिल्ली, जेएनएन। सघन जांच और समुचित इलाज की व्यवस्था से देश में कोरोना संक्रमण की स्थिति धीरे-धीरे नियंत्रण में आ रही है। संक्रमितों और मृतकों के दैनिक आंकड़ों में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। 229 दिन बाद सोमवार को महामारी के चलते सबसे कम मौतें हुईं। साढ़े छह महीने बाद एक दिन में सबसे कम नए मामले भी मिले हैं। जबकि, ठीक होने वाले मरीजों की संख्या नए मरीजों से ज्यादा रही है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे के दौरान कोरोना महामारी के चलते 161 लोगों की जान गई, 16,311 नए केस मिले और 16,959 मरीज ठीक हुए। इसके साथ ही मृतकों का आंकड़ा 1,51,160 पर पहुंच गया। कुल संक्रमितों की संख्या एक करोड़ चार लाख 66 हजार से अधिक हो गई है, जिसमें से एक करोड़ 92 हजार से अधिक मरीज ठीक भी हो चुके हैं। मरीजों के उबरने की दर बढ़कर 96.43 फीसद हो गई है और मृत्युदर घटकर 1.44 फीसद पर आ गई है। देश में कोरोना संक्रमण के सक्रिय मामले 2,22,526 रह गए हैं, जो कुल संक्रमितों का 2.13 फीसद है। ठीक हो चुके मरीजों और सक्रिय मामलों के बीच अंतर बढ़कर करीब 99 लाख हो गया है।
रविवार को 6.59 लाख नमूनों की जांच
देश में कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए दैनिक जांच की क्षमता 15 लाख नमूनों की हो गई है। लेकिन इसके मुकाबले रविवार को मात्र 6.59 लाख नमूनों का परीक्षण किया गया। इनको मिलाकर अब तक 18.17 करोड़ नमूनों की जांच की जा चुकी है।
नए कोरोना स्ट्रेन से संक्रमितों की संख्या 96 हुई
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि ब्रिटेन में पाए गए कोरोना के नए स्वरूप (स्ट्रेन) से देश में पीडि़तों की संख्या 96 हो गई है। शनिवार तक 90 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। मंत्रालय ने कहा कि इन सभी लोगों को संबंधित राज्य सरकारों के तय केंद्रों में अलग-अलग कमरों में आइसोलेशन में रखा गया है। मंत्रालय ने बताया कि उनके निकट संपर्क में आए लोगों और परिजनों को भी क्वारंटाइन किया गया है।