मध्य प्रदेश : कोरोना स्थिति में हो रहा सुधार, सीएम शिवराज बोले- 75 फीसद पहुंचा रिकवरी रेट
शिवराज सिंह चौहान ने राज्य में कोरोना की स्थिति पर एक समीक्षा बैठक में कहा कि राज्य में अब बड़ी संख्या में लोग ठीक होकर अपने घर लौट रहे हैं।
भोपाल, एएनआइ। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि अब बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमित ठीक होकर अपने घर जाने लगे हैं और राज्य में रिकवरी रेट 75 फीसद तक पहुंच गया है। चौहान ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए राज्य में COVID-19 की स्थिति और व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए यह जानकारी दी है।
उन्होंने कहा, "वर्तमान में राज्य में रिकवरी रेट 75.1 फीसद तक पहुंच गया है और अब राज्य में 9,105 एक्टिव मामले हैं। वहीं, कोरोना के 843 नए मरीजों को अस्पताल में एडमिट किया गया है जबकि उसी समय में 922 मरीज ठीक हुए हैं। सोमवार की तुलना में, सक्रिय रोगियों की संख्या में 98 की गिरावट आई है।"
उन्होंने बताया कि राज्य में कोरोना के कारण मृत्युदर 2.54 फीसद है और इसे और कम करने की सारी कोशिशें की जा रही हैं। इसके अलावा उन्होंने कहा कि घर पर सुविधा की उपलब्धता के अधीन, मामूली लक्षणों वाले रोगियों के लिए उपचार की व्यवस्था घर पर की जानी चाहिए।
इस दौरान जेलों में कोरोना टेस्टिंग अनिवार्य करने पर भी चर्चा की गई। राज्य के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने जानकारी दी कि कोरोना संक्रमण के 30 फीसद मामले ग्वालियर जेल से दर्ज किए गए हैं। इस कारण जेल में कोरोना टेस्टिंग अनिवार्य करने के लिए कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जेलों में इलाज के लिए अलग-अलग वार्ड्स की व्यवस्था की जानी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर और विधिशा में विशेष ध्यान देने को कहा है।
वहीं, कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के साथ देश में संक्रमित लोगों की संख्या मंगलवार को 23 लाख को पार कर गई। हालांकि, कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच भारत में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। देश में कोरोना वायरस के 16 लाख से ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं। मरीजों के उबरने की दर करीब 70 फीसद हो गई है, जबकि मृत्यु दर दो फीसद से भी नीचे आ गई है।