Coronavirus in Madhya Pradesh: इंदौर में एक्टिव केस से ज्यादा हुई डिस्चार्ज केस की संख्या
मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में एक्टिव केस से ज्यादा डिस्चार्ज केस हो गए हैं। इंदौर में अब तक 3344 मामले सामने आए हैं। इनमें से 1545 एक्टिव केस है1673 मरीज डिस्चार्ज हो गए हैं।
इंदौर, एजेंसियां। कोरोना वायरस (COVID-19)का कहर भारत में जारी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में देश में सात हजार से ज्यादा मामले सामने आए। इसी बीच मध्य प्रदेश के इंदौर जिले से थोड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। समाचार एजेंसी एएनआइ के अनुसार इंदौर में एक्टिव केस से ज्यादा डिस्चार्ज केस हो गए हैं। इंदौर में कोरोना संक्रमण के अब तक 3,344 मामले सामने आए हैं। इनमें से 1,545 एक्टिव केस है,1673 मरीज डिस्चार्ज हो गए हैं और 126 लोगों की मौत हो गई है।
समाचार एजेंसी एएनआइ ने जानकारी दी कि गुरुवार को तीन अस्पतालों से 117 मरीजों को कोरोना संक्रमण से उबरने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इनमें 110 मरीज अरबिंदो अस्पताल से और बाकी के दो अस्पतालों से 7 मरीज डिस्चार्ज हुए।
अस्पताल में देश जीतेगा, कोरोना हारेगा के नारे लगे
अरबिंदो अस्पताल में डिस्चार्ज हुए कोरोना सर्वाइवर्स पर पुष्प वर्षा की गई। मरीजों की रवानगी के दौरान अस्पताल के कर्मचारी ताली बजाने के साथ-साथ भारत माता की जय और जय हिंद का नारा लगाते दिखे। इसके अलावा स्टाफ सारे जहां से अच्छा गाते हुए और देश जीतेगा, कोरोना हारेगा का नारा लगाते दिखे। स्टाफ ने रोगियों को उपचार के दौरान उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
इंदौर में पिछले 24 घंटे में 84 मामले सामने आए
समाचार एजेंसी पीटीआइ के अनुसार इंदौर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉक्टर प्रवीण जड़िया के अनुसार पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 84 मामले सामने आए और 4 लोगों की मौत हो गई। इनमें 80 साल की बुजुर्ग महिला और 84 साल के बुजुर्ग पुरुष व्यक्ति की मौत शामिल है।
मध्य प्रदेश में कोरोना के 7,453 मामले सामने आए
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस के 7,453 मामले सामने आए हैं। इनमें से 4050 लोग ठीक हो गए हैं और 321 लोगों की मौत हो गई है। राज्य में भी एक्टिव से ज्यादा डिस्चार्ज केस ज्यादा है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में 1,65,799 मामले
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा 7,466 मामले सामने आए और 175 संक्रमित लोगों की मौत हो गई। देश में कोरोना वायरस के मामलों की कुल संख्या 1,65,799 है। इसमें 89,987 एक्टिव केस,71,105 डिस्चार्ज केस और 4,706 मौतें शामिल हैं।