Coronavirus in Assam: 230 नए मामले सामने आए, 2400 से ज्यादा हुई मरीजों की संख्या
असम में शनिवार को कोरोना वायरस (COVID-19) के 230 नए मामले सामने आए। अब यहां मरीजों की संख्या 2473 हो गई है।
गुवाहाटी, पीटीआइ। असम में शनिवार को कोरोना वायरस (COVID-19) के 230 नए मामले सामने आए। अब यहां मरीजों की संख्या 2473 हो गई है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इसकी जानकारी दी। शनिवार रात को 76 मामले सामने आए। इससे पहले शाम को 73 मामले और दिन में 81 मामलों की पुष्टि हुई।
इस बीच, 79 और कोरोना संक्रमित रोगियों को दो बार रिपोर्ट नेगेटिव आने पर शनिवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। कुल ठीक हो गए रोगियों की संख्या 588 हो गई है। राज्य में अब तक सामने आए कुल 2,473 मामलों में से 1,878 एक्टिव केस हैं। 588 संक्रमित मरीज ठीक हो गए हैं और उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। चार मरीजों की मौत हो गई है। वहीं तीन रोगी राज्य से बाहर चले गए हैं। सरमा ने इसकी जानकारी दी।
राज्य में अब तक 1,33,029 टेस्ट हुए
समाचार एजेंसी पीटीआइ के अनुसार 4 मई से अंतरराज्यीय आवागमन शुरू होने के बाद से राज्य में तेजी से मामले बढ़ हैं। इसके बाद से अब तक 2000 से अधिक मामले सामने आ गए हैं। 25 मई से उड़ान संचालन शुरू होने के बाद से राज्य में अब तक 74 यात्री कोरोना पॉजिटिव मिले हैं, जिसमें कुवैत के 30 हवाई यात्री शामिल हैं।राज्य में सैंपल टेस्ट करने की सुविधाओं में वृद्धि हुई है और असम सरकार का लक्ष्य अब इंस्टीट्यूशनल क्वारंटाइन को कम करने, होम क्वारंटाइन में में वृद्धि और जून के दौरान टेस्ट में और वृद्धि है। राज्य में अब तक 1,33,029 टेस्ट हुए हैं।
देश में अबतक 2,36,657 मामलों की पुष्टि
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में अबतक 2,36,657 मामलों की पुष्टि हो गई है। इनमें से 1,15,942 एक्टिव केस हैं और 1,14,072 मरीज ठीक हो गए हैं और 6642 लोगों की मौत हो गई है। भारत विश्व का सबसे छठा सबसे ज्यादा प्रभावित देश बन गया है।