Move to Jagran APP

Coronavirus: 19 राज्यों में कोरोना मरीजों के स्वस्थ होने की दर राष्ट्रीय औसत से ज्यादा

कोरोना मरीजों के स्वस्थ होने की दर सबसे ज्यादा लद्दाख (85.45 फीसद) दिल्ली (79.98) उत्तराखंड (78.77) छत्तीसगढ़ (77.68) हिमाचल प्रदेश (76.59) है।

By Bhupendra SinghEdited By: Published: Mon, 13 Jul 2020 09:56 PM (IST)Updated: Mon, 13 Jul 2020 09:56 PM (IST)
Coronavirus: 19 राज्यों में कोरोना मरीजों के स्वस्थ होने की दर राष्ट्रीय औसत से ज्यादा
Coronavirus: 19 राज्यों में कोरोना मरीजों के स्वस्थ होने की दर राष्ट्रीय औसत से ज्यादा

जेएनएन, नई दिल्ली। कोरोना के खिलाफ लड़ाई में केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर तालमेल के सकारात्मक नतीजे सामने आ रहे हैं। स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है और मृत्युदर कम हो रही है। सोमवार को स्वस्थ हुए मरीजों की दर बढ़कर 63.02 हो गई और सबसे अच्छी बात ये है कि 19 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में यह दर इससे भी ज्यादा है। यही नहीं, 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कोरोना से मृत्युदर राष्ट्रीय औसत 2.64 फीसद से भी कम है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी दी।

loksabha election banner

घर में आइसोलेशन के चलते अस्पताल पर मरीजों का बोझ नहीं बढ़ा

मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि घर में आइसोलेशन के मानदंडों और मानकों के साथ ही ऑक्सोमीटर के इस्तेमाल से बिना लक्षण या हल्के लक्षण वाले मरीजों पर नजर रखने में मदद मिली है और इससे अस्पताल पर मरीजों का बोझ भी नहीं बढ़ा है। केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा कोरोना वायरस की रोकथाम और प्रसार को रोकने के लिए उठाए गए सक्रिय और समन्वित कदमों से मरीजों के ठीक होने की रफ्तार में तेजी आई।

मरीजों के स्वस्थ होने की दर सबसे ज्यादा लद्दाख में 85.45 फीसद है

मंत्रालय के मुताबिक मरीजों के स्वस्थ होने की दर सबसे ज्यादा लद्दाख (85.45 फीसद) है। इसके अलावा यह दर दिल्ली (79.98), उत्तराखंड (78.77), छत्तीसगढ़ (77.68), हिमाचल प्रदेश (76.59), हरियाणा (75.25), चंडीगढ़ (74.6), राजस्थान (74.22), मध्य प्रदेश (73.03) और गुजरात (69.73 फीसद) है।

कोरोना के सक्रिय मामले 3,01,609 हैं

मंत्रालय की तरफ से सोमवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले चौबीस घंटे के दौरान 18,850 मरीज पूरी तरह से स्वस्थ होकर अपने घर लौटे हैं। इनको मिलाकर अब तक 5,53,470 मरीज पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। कुल सक्रिय मामले 3,01,609 हैं। सक्रिय मामलों और स्वस्थ हुए मरीजों के बीच फासला बढ़कर ढाई लाख को पार कर गया है। सक्रिय मामलों से स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या 2,51,861 ज्यादा हो गई है। हालांकि, इस दौरान रिकॉर्ड 28,701 नए मामले भी सामने आए हैं और संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 8,78,254 हो गया है। और 500 लोगों की मौत से मृतकों की संख्या भी बढ़कर 23,174 हो गई है।

कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 8,91,508 पर पहुंच गया 

राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों से पीटीआइ व अन्य श्रोतों से रात आठ बजे तक मिले आंकड़ों के मुताबिक रविवार देर रात से अब तक 16,626 नए मामले मिले हैं और संक्रमितों का आंकड़ा 8,91,508 पर पहुंच गया है। इस दौरान 6,857 लोग स्वस्थ हुए हैं और अब तक ठीक हुए मरीजों की संख्या 5,59,486 हो गई है। अब तक इस महामारी से 23,487 लोगों की मौत भी हो चुकी है। सोमवार को 338 लोगों की जान गई, जिसमें सबसे अधिक महाराष्ट्र में 193, तमिलनाडु में 66, आंध्र प्रदेश में 37, उत्तर प्रदेश में 21, गुजरात में 10, ओडिशा में छह, गोवा में तीन और केरल में दो मौतें शामिल हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय व अन्य स्त्रोतों से मिले आंकड़ों में अंतर का कारण राज्यों से केंद्र को आंकड़े मिलने में देरी है। इसके अलावा कई एजेंसियां सीधे राज्यों से आंकड़े लेकर जारी करती हैं।

महाराष्ट्र में लगातार दूसरे दिन कम केस मिले

महाराष्ट्र में लगातार दूसरे दिन नए मामले कम मिले। दो दिन पहले आठ हजार से ज्यादा नए केस मिले थे। सोमवार को 6,497 नए मामले सामने आए और मरीजों की संख्या 2,60,924 हो गई। अब तक 10,482 लोगों की मौत हो चुकी है। 4,182 मरीज स्वस्थ हुए हैं। अब तक 1,44,507 मरीज ठीक हो चुके हैं। सक्रिय मरीज 1,05,935 हैं। गुजरात में नए मामले तो बढ़ रहे हैं, लेकिन मृतकों की संख्या कम हो रही है। राज्य में 902 नए केस मिले हैं, जो एक दिन में नए मामलों की सबसे बड़ी संख्या है और इसके साथ ही कुल मामले बढ़कर 42,808 हो गए हैं। अब तक 2,057 लोगों की जान जा चुकी है।

तमिलनाडु समेत दक्षिण भारत में बढ़ रहे मामले

तमिलनाडु समेत दक्षिण भारत में तेजी से संक्रमण बढ़ रहा है। तमिलनाडु में 4,328, आंध्र प्रदेश में 1,938 और केरल में 449 नए मामले सामने आए हैं और इन राज्यों में कुल मामले बढ़कर क्रमश: 1,42,798, 19,247 और 8,322 हो गए हैं। तमिलनाडु में अब तक 2,032, आंध्र प्रदेश में 365 और केरल में 33 लोगों की जान भी जा चुकी है।

उत्तर प्रदेश में रिकॉर्ड नए केस

उत्तर प्रदेश में भी सोमवार को रिकॉर्ड 1,654 नए मामले सामने आए और मरीजों की संख्या बढ़कर 38,130 पर पहुंच गई। राज्य में अब तक 955 लोगों की मौत भी हो चुकी है। इसी तरह ओडिशा में 616 नए केस मिले हैं और कुल मामले 13,737 हो गए हैं। अरुणाचल प्रदेश में 19, नलागैंड में 71 और त्रिपुरा में 105 नए मामले सामने आए हैं। इन राज्यों में अब तक क्रमश: 359, 845 और 2,068 केस मिल चुके हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.