भारत में इटली से ज्यादा हुए कोरोना के मामले, दिल्ली और महाराष्ट्र का बुरा हाल; जानें बाकी राज्यों के हालात
तमिलनाडु में रोजाना नए मामलों की संख्या बढ़ रही है। शनिवार को 1458 नए मामले सामने आए जो राज्य में एक दिन में मिलने वाले सबसे ज्यादा केस है।
नई दिल्ली, जेएनएन। भारत कोरोना महामारी से बुरी तरह प्रभावित होने वाला दुनिया का छठा देश बन गया है। भारत ने इटली को पीछे छोड़ दिया है। भारत से ज्यादा मामले अब अमेरिका, ब्राजील, रूस, स्पेन और ब्रिटेन में ही हैं। देश में कोरोना मरीजों की संख्या दो लाख 36 हजार से ज्यादा हो गई है, जबकि इटली में 2.34 से कुछ अधिक मरीज हैं। शनिवार को भी साढ़े आठ हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए और ढाई सौ से अधिक लोगों की मौत हो गई।
हालांकि, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ सुबह आठ बजे जारी बुलेटिन के मुताबिक देश में पिछले चौबीस घंटे में 9,887 नए मामले सामने आए और 294 लोगों की जान चली गई। इसके साथ ही मरीजों की संख्या बढ़कर 2,36,657 हो गई है और 6,642 लोगों की जान गई है। 1,15,942 सक्रिय मामले हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय व अन्य स्रोतों से मिले आंकड़ों में अंतर का कारण राज्यों से केंद्रीय एजेंसी को आंकड़े मिलने में होने वाली देरी है। इसके अलावा कई एजेंसियां राज्यों से सीधे आंकड़े जुटाती हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों में एक दिन पहले की देर रात तक के मामले शामिल होते हैं।
राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से मिली सूचनाओं के मुताबिक देश में शनिवार को 8,510 मामले सामने आए हैं और 263 मौतें हुई हैं, जिनमें महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 120, दिल्ली में 53, गुजरात में 29, तमिलनाडु में 19, बंगाल में 17, उत्तर प्रदेश में 11, मध्य प्रदेश में आठ, जम्मू-कश्मीर में तीन और राजस्थान व केरल में एक-एक मौत शामिल है।
दिल्ली-महाराष्ट्र का बुरा हाल
महाराष्ट्र देश में सबसे प्रभावित राज्यों में शीर्ष बना हुआ है। 2,739 नए मामलों के साथ राज्य में संक्रमितों की संख्या 82,968 हो गई है। जबकि, अब तक 2,969 लोगों की जान जा चुकी है। दिल्ली में भी स्थिति भयावह होती जा रही है। 1,320 नए मामले मिले हैं और मरीजों का आंकड़ा 27 हजार को पार कर गया है।
तमिलनाडु में रिकॉर्ड नए मामले
तमिलनाडु में रोजाना नए मामलों की संख्या बढ़ रही है। शनिवार को 1458 नए मामले सामने आए, जो राज्य में एक दिन में मिलने वाले सबसे ज्यादा केस है। इसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की संख्या 30,152 हो गई है। केरल में 108 नए केस मिले हैं और संक्रमितों का आंकड़ा 1,807 हो गया है। कर्नाटक में रिकॉर्ड 378 मामले मिले हैं। राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 5,213 हो गई है। आंध्र प्रदेश में भी अब तक 4,460 मरीज सामने आए हैं।
गुजरात-बंगाल में थम नहीं रहा संक्रमण
देश के पश्चिम दिशा में बसा गुजरात हो या पूरब में स्थित बंगाल, महामारी की चपेट में सभी परेशान हैं। गुजरात में 498 नए मामले सामने आए और मरीजों की संख्या 19,617 हो गई है। जबकि, 435 नए केस के साथ बंगाल में पीडि़तों का आंकड़ा 7,738 पर पहुंच गया है।
10 हजार मरीजों वाला उत्तर प्रदेश छठा राज्य बना
उत्तर प्रदेश में संक्रमित मरीजों की संख्या 10 हजार से ज्यादा हो गई है। शनिवार को सामने आए 370 नए मामलों के साथ राज्य में अब तक 10,103 केस सामने आ चुके हैं। जम्मू-कश्मीर में 143 नए मरीज के साथ 3,467 केस हो चुके हैं। असम में भी 81 नए मामले मिले हैं और 2,324 संक्रमितों की संख्या हो गई है। इसी तरह राजस्थान में 10,128, मध्य प्रदेश में 9,011, पंजाब में 2,619 और ओडिशा में 2,781 संक्रमित अब तक पाए जा चुके हैं।
देश में कुल संक्रमित
राज्य संक्रमित
महाराष्ट्र - 82,968
तमिलनाडु - 30,152
दिल्ली - 27,654
गुजरात - 19,617
राजस्थान - 10,128
उत्तर प्रदेश - 10,103
मध्य प्रदेश - 9,011
बंगाल - 7,738
बिहार - 4,745
आंध्र प्रदेश - 4,460
कर्नाटक - 5,213
तेलंगाना - 3,147
जम्मू-कश्मीर - 3,467
पंजाब - 2,619
हरियाणा - 3,781
ओडिशा - 2,781
असम - 2,324
केरल - 1,807
उत्तराखंड - 1,303
झारखंड - 938
छत्तीसगढ़ - 923
हिमाचल प्रदेश - 399
त्रिपुरा - 647
चंडीगढ़ - 309
मणिपुर - 143
पुडुचेरी - 107
गोवा - 167
लद्दाख - 97
नगालैंड - 107
मेघालय - 33
अरुणाचल प्रदेश - 43