Move to Jagran APP

दिल्ली-मुंबई, लखनऊ समेत देश के प्रमुख महानगरों में घटे मामले, 2 करोड़ से ज्यादा लोगों ने दी कोरोना को मात

देश में बीते चार दिनों में तीसरी बार नए कोरोना के मामलों से ज्यादा मरीज हुए ठीक। बीते 24 घंटे में 30 हजार से ज्यादा की कमी के साथ 37 लाख से नीचे आए सक्रिय मामले। दिल्ली मुंबई जैसे शहरों के हालात तेजी से सुधर रहे हैं।

By Shashank PandeyEdited By: Published: Sat, 15 May 2021 08:33 AM (IST)Updated: Sat, 15 May 2021 08:43 AM (IST)
दिल्ली-मुंबई, लखनऊ समेत देश के प्रमुख महानगरों में घटे मामले, 2 करोड़ से ज्यादा लोगों ने दी कोरोना को मात
दिल्ली-मुंबई समेत देश के प्रमुख महानगरों में घटे केस। (फोटो: दैनिक जागरण)

नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली, मुंबई, लखनऊ समेत देश के प्रमुख महानगरों में कोरोना संक्रमण के मामलों में तेजी से आती गिरावट से हालात कुछ सुधरते नजर आ रहे हैं। पिछले चार दिनों में तीसरी बार ऐसा हुआ है कि ठीक होने वाले मरीजों की संख्या नए मामलों से ज्यादा रही है। इसके साथ ही कोरोना महामारी को मात दे चुके लोगों का आंकड़ा भी दो करोड़ को पार कर गया है। दो दिन की बढ़त के बाद सक्रिय मामलों में भी 30 हजार से ज्यादा की गिरावट आई है और इनकी संख्या 37 लाख के नीचे आ गई है। 

loksabha election banner

राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से शुक्रवार देर रात तक मिले आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में देश भर में 3,26,014 नए मामले मिले हैं, 3,52,850 मरीज ठीक हुए हैं और 3,876 और मरीजों की जान गई है। इसके साथ ही कुल संक्रमितों का आंकड़ा दो करोड़ 43 लाख 72 हजार को पार कर गया है। इनमें से दो करोड़ चार लाख 26 हजार से ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं और 3,66,229 मरीजों की अब तक जान भी जा चुकी है। सक्रिय मामले 36,69,537 हो गए हैं। एक दिन पहले इनकी संख्या 37 लाख से कुछ ज्यादा थी।

दिल्ली, मुंबई समेत प्रमुख महानगरों में घटे मामले

दिल्ली और मुंबई समेत सभी प्रमुख महानगरों में नए मामले कम हो रहे हैं। दिल्ली में 8,506 नए मामले मिले हैं, जो 10 अप्रैल (7,897) के बाद से सबसे कम हैं। संक्रमण दर भी घटकर 12.4 फीसद हो गई है, जो 11 अप्रैल (9.4 फीसद) के बाद से सबसे कम है। हालांकि, दिल्ली में दैनिक मौतें कम नहीं हो रही हैं। शुक्रवार को भी 289 लोगों की जान गई। मुंबई में 1,660 नए केस मिले हैं और 62 लोगों की मौत हुई है। एक दिन पहले 1,952 मरीज मिले थे और 68 लोगों की जान गई थी। 

लखनऊ में हजार से नीचे आए नए केस 

लखनऊ में 893 नए मामले मिले हैं और 22 लोगों की मौत हुई है। जबकि, एक दिन पहले 969 मरीज पाए गए थे और 34 लोगों की जान गई है। इसी तरह बेंगलुरु, ठाणे, नासिक जैसे शहरों में भी मामले कम हो रहे हैं। लेकिन कोलकाता और इंदौर जैसे शहरों में केस ज्यादा कम नहीं हो रहे। कोलकाता में चार हजार और इंदौर में डेढ़ हजार के करीब मामले मिल रहे हैं। दक्षिण भारत के लगभग सभी राज्यों-कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में मामले बढ़ रहे हैं।

ज्यादा नए केस वाले राज्य

राज्य          नए मामले               कुल मामले (लाख में)

कर्नाटक      41,779                      21.30 

महाराष्ट्र       39,923                      53.09

केरल          34,694                      20.85

तमिलनाडु    31,892                      15.31

आंध्र प्रदेश    22,018                     13.88

बंगाल          20,846                     10.94

उत्तर प्रदेश   15,647                     15.96

राजस्थान      14,289                     8.35

हरियाणा       10,608                    6.79

गुजरात         9,995                      7.35

दिल्ली           8,506                     13.80

मध्य प्रदेश      8,087                     7.16

पंजाब            8,035                    4.83

छत्तीसगढ़       7,594                    8.99

बिहार            7,494                    6.37

गुरुवार को 18.75 लाख टेस्ट

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के मुताबिक कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए गुरुवार को देश भर में 18,75,515 नमूनों की जांच की गई। इनको मिलाकर अब तक कुल 31.13 करोड़ से ज्यादा नमूनों की परीक्षण किया जा चुका है। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.