Move to Jagran APP

देश में नहीं थम रहा कोरोना महामारी का कहर, एक दिन में मिले रिकॉर्ड 57,118 नए मामले

उत्तर प्रदेश में भी एक दिन पहले के मुकाबले नए मामलों में कमी आई है लेकिन मरने वालों की संख्या बढ़ गई है।

By Bhupendra SinghEdited By: Published: Sat, 01 Aug 2020 10:41 PM (IST)Updated: Sat, 01 Aug 2020 10:41 PM (IST)
देश में नहीं थम रहा कोरोना महामारी का कहर, एक दिन में मिले रिकॉर्ड 57,118 नए मामले
देश में नहीं थम रहा कोरोना महामारी का कहर, एक दिन में मिले रिकॉर्ड 57,118 नए मामले

जेएनएन, नई दिल्ली। देश में कोरोना महामारी का कहर थम नहीं रहा है। नए मामले तेजी के साथ बढ़ रहे हैं। पहली बार एक दिन में रिकॉर्ड 57 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं और कुल संक्रमितों का आंकड़ा 17 लाख के करीब पहुंच गया है। हालांकि, इनमें से करीब 11 लाख मरीज पूरी तरह से ठीक भी हो चुकी हैं और पांच लाख से कुछ अधिक ही सक्रिय मरीज हैं।

loksabha election banner

देशभर में पांच लाख, 65 हजार सक्रिय मामले, 36 हजार से ज्यादा की मौत

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से शनिवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे के दौरान कुल 57,118 नए मामले मिले और 764 मरीजों की मौत हो गई। इसके साथ ही अब तक सामने आए संक्रमितों की संख्या बढ़कर 16 लाख 95 हजार 988 हो गई, जबकि 36 हजार 511 लोगों की मौत भी हो चुकी है। इस दौरान 35 हजार से ज्यादा मरीजों को अस्पताल से छुट्टी भी मिली, जिनको मिलाकर अब तक स्वस्थ हुए लोगों का आंकड़ा भी 10 लाख 94 हजार 374 पर पहुंच गया। सक्रिय मामले अब पांच लाख 65 हजार 103 ही रह गए हैं।

सबसे अधिक महाराष्ट्र में 322 की मौत

राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों से पीटीआइ और अन्य श्रोतों से रात आठ बजे तक मिले आंकड़ों के मुताबिक शुक्रवार देर रात से अब तक 42,928 नए मामले सामने आए हैं और कुल मरीजों का आंकड़ा 17 लाख 34 हजार 293 हो गया है। इस दौरान 23,661 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी भी मिली है और स्वस्थ हुए मरीजों की संख्या 11 लाख 13 हजार 587 हो गई है। सक्रिय मरीज पांच लाख 83 हजार 478 रह गई है। अब तक 37,228 लोगों की जान भी इस महामारी ने ली है। शनिवार को ही 725 लोगों की मौत हुई, जिसमें सबसे अधिक महाराष्ट्र में 322, तमिलनाडु में 99, कर्नाटक में 98, आंध्र प्रदेश में 58, उत्तर प्रदेश में 47, दिल्ली में 26, गुजरात में 24, तेलंगाना में 11, ओडिशा व जम्मू-कश्मीर में 10-10 और केरल व मध्य प्रदेश में नौ-नौ मौतें शामिल हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय और अन्य स्त्रोतों से मिले आंकड़ों में अंतर का कारण राज्यों से केंद्र को मिलने वाली सूचनाओं में देरी है। इसके अलावा कई एजेंसियां सीधे राज्यों से आंकड़े लेकर जारी करती हैं।

महाराष्ट्र में रिकॉर्ड 322 मौतें

महाराष्ट्र में शुक्रवार के मुकाबले नए मामले तो कम आए, लेकिन मौतों की तादाद बढ़ गई। राज्य में 322 लोगों की जान गई है और कुल मृतकों की संख्या बढ़कर 15,316 हो गई है। इस दौरान सामने आए 9,601 नए मामलों के साथ संक्रमितों का आंकड़ा भी चार लाख 31 हजार 719 हो गया है। लेकिन सक्रिय मरीज डेढ़ लाख से कुछ ही ज्यादा हैं। दो लाख से अधिक मरीजों को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है। गुजरात में 1136 नए मामले सामने आए हैं और मरीजों की संख्या 62 हजार 574 हो गई है। राज्य में अब तक 2,465 मरीजों की जान जा चुकी है।

दक्षिण भारत में तेजी से फैल रहा संक्रमण

दक्षिण भारत में कोरोना के प्रसार पर लगाम लगती नजर नहीं आ रही है। हालांकि, आंध्र प्रदेश में एक दिन पहले के मुकाबले नए मामले कम आए, लेकिन मौतों का सिलसिला उसी तरह बना हुआ है। राज्य में 9,276 नए केस मिले हैं, शुक्रवार को 10 हजार से ज्यादा नए मामले मिले थे। राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा डेढ़ लाख को पार कर गया है। 1,460 लोगों की अब तक मौत भी हो चुकी है। शनिवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री पीएम राव का कोरोना से निधन हो गया। उन्हें विजयवाड़ा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। केरल के पर्यटन मंत्री के. सुरेंद्र के पुत्र को भी संक्रमित पाया गया है। राज्य में 1,129 नए मामले सामने आए हैं और मरीजों का आंकड़ा 24 हजार 736 हो गया है। 81 लोगों की अब तक मौत भी हो चुकी है। कर्नाटक में 5,172 नए मामले सामने आए हैं और कुल संक्रमित एक लाख 29 हजार से ज्यादा हो गए हैं। इसी तरह तमिलनाडु में भी 5,879 नए मामलों के साथ संक्रमितों का आंकड़ा ढाई लाख को पार कर दो लाख 51 हजार 738 हो गया है। राज्य में मृतकों की तादाद भी चार हजार को पार कर गई है। तेलंगाना में 2,083 नए मरीजों के साथ आंकड़ा 64 हजार 786 पर पहुंच गया है। पुडुचेरी में 139 नए मामलों के साथ कुल संक्रमितों की संख्या 3,593 हो गई है। यहां अब तक 51 मरीजों की मौत भी हो चुकी है।

दिल्ली में 1,118 नए केस

दिल्ली में शनिवार को 1118 नए मामले सामने आए। केंद्र शासित प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से हजार-15 सौ के बीच ही नए मामले मिल रहे हैं। राष्ट्रीय राजधानी की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है। यहां अब तक 3989 मरीजों की मौत हो चुकी है। लेकिन रोजाना होने वाली मौतों की संख्या पर बहुत हद तक काबू पा लिया गया गया है। जम्मू-कश्मीर में 613 नए केस मिले हैं और कुल मामले 20 हजार 972 हो गए हैं।

उत्तर प्रदेश में मामले घटे, मौतें बढ़ी

उत्तर प्रदेश में भी एक दिन पहले के मुकाबले नए मामलों में कमी आई है, लेकिन मरने वालों की संख्या बढ़ गई है। राज्य में 3,807 नए केस मिले हैं, जबकि 47 मरीजों की मौत हो गई है। शुक्रवार को 4,453 नए केस मिले थे और 43 मौतें हुई थीं। राज्य में अब तक कुल 89 हजार 68 केस मिल चुके हैं और 1,677 मरीजों की जान जा चुकी है। इसी तरह मध्य प्रदेश में 808 नए केस के साथ अब तक 32 हजार 614 और ओडिशा में 1602 नए मामलों के साथ 33 हजार 479 संक्रमित पाए जा चुके हैं।

पूर्वोत्तर में भी बढ़ रहा है प्रकोप

पूर्वोत्तर के राज्यों में भी तेजी से मामले बढ़ रहे हैं। त्रिपुरा में सबसे अधिक 275, नगालैंड में 130, अरुणाचल प्रदेश में 107 और मेघालय में 53 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही इन राज्यों में कुल मामले बढ़कर क्रमश: 4,998,1,823, 1,591 और 856 हो गए हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.