देश में कोरोना के मामले बढ़े, 110 पहुंचा आंकड़ा, महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 32 केस, उत्तराखंड में पहला मामला
देश में कोराना से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 110 पहुंच गई है। महाराष्ट्र में सबसे अधिक 32 केस सामने आए हैं। उत्तराखंड में पहला केस पाया गया है। जानें बाकी राज्यों के हालात
नई दिल्ली, पीटीआइ। देश में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इस महामारी से देश में महाराष्ट्र सबसे बुरी तरह प्रभावित राज्य बनता जा रहा है। मुंबई में धारा 144 लगा दी गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक पिछले चौबीस घंटे के दौरान महाराष्ट्र में 13 नए और कर्नाटक में एक मामला सामने आया है। उत्तराखंड में स्पेन से लौटे एक ट्रेनी फॉरेस्ट ऑफिसर को भी संक्रमित पाया गया है। राज्य में कोरोना का यह पहला केस है। इनको मिलाकर देश में अब तक कोरोना के 110 पॉजिटिव मामलों की पुष्टि हुई है।
महामारी रोग अधिनियम के तहत पहला केस दर्ज
आगरा में कोरोना को लेकर महामारी रोग अधिनियम के तहत रेलवे के एक अधिकारी के खिलाफ देश का पहला मुकदमा दर्ज किया गया है। अधिकारी पर अपनी बेटी के बारे में प्रशासन को गुमराह कर संक्रमण की रोकथाम में बाधा उत्पन्न करने का आरोप है। अधिकारी ने प्रशासन से झूठ बोला था कि कोरोना से पीडि़त उसकी बेटी घर नहीं है, जबकि वह घर में ही थी।
11 लोग हो चुके हैं ठीक
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक कुल मामलों में वो दो लोग भी शामिल हैं जिनकी मौत हो चुकी है। इनमें कर्नाटक के कलबुर्गी के 76 वर्षीय पुरुष और दिल्ली की 68 साल की महिला शामिल हैं। महाराष्ट्र के बुलढाणा में भी एक संदिग्ध कोरोना पीडि़त की मौत की खबर थी। लेकिन उस बुजुर्ग की कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। कोरोना पीडि़त 11 लोग अब तक उपचार के बाद ठीक हो चुके हैं।
महाराष्ट्र में 31 केस
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक महाराष्ट्र में कोरोना पीडि़तों की संख्या 31 है। लेकिन राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने यह संख्या 32 बताई है। इसमें औरंगाबाद की 59 साल की एक महिला शामिल है, जिसके कोरोना से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। यह महिला हाल ही में रूस और कजाखस्तान से लौटी थी। हालांकि, महिला की स्थिति स्थिर बताई गई है। टोपे ने कहा कि सरकारी कस्तूरबा अस्पताल में प्रतिदिन 100 सैंपल की जांच की क्षमता बढ़ाकर 350 की जाएगी। महाराष्ट्र में महामारी रोग अधिनियम, 1897 लागू कर दिया गया है। इससे अधिकारियों को लॉकडाउन और क्वारंटाइन जैसे कदम उठाने के लिए और अधिक अधिकार मिल जाते हैं।
लोगों से शांत रहने की अपील
कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार ने लोगों से शांत रहने की अपील की है। सरकार का कहना है कि घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि अभी तक सामुदायिक रूप से कोरोना के प्रसार का पता नहीं चला है। फिलहाल देश में स्वास्थ्य आपातकाल की स्थिति पैदा नहीं हुई है।
हर स्तर पर तैयारी
स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक देश में कोरोना के प्रसार को रोकने के लिए हर स्तर पर तैयारी की जा रही है। सामुदायिक निगरानी, क्वारंटाइन, आइसोलेशन वार्ड्स और व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों को बढ़ाया जा रहा है, वहीं प्रशिक्षित कर्मचारियों और रैपिड रिस्पांस टीम को भी मजबूत किया जा रहा है।
पीएम मोदी ने उद्धव ठाकरे से की बात
महाराष्ट्र में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार की रात करीब ग्यारह बजे राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से बात की। ठाकरे ने कोरोना से बचाव को लेकर राज्य सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों के बारे में प्रधानमंत्री को जानकारी दी।
संक्रमण के खिलाफ जंग
- मेगास्टर अमिताभ बच्चन ने अपने आवास जलसा पर प्रशंसकों से मिलने का कार्यक्रम रद कर दिया है। वह हर रविवार को अपने घर के बाहर जमा लोगों से मिलते रहे हैं
- कर्नाटक के कलबुर्गी जिले में विदेश से लौटे 16 लोगों को क्वारंटाइन किया गया है। यहां कोरोना से देश में पहली मौत हुई थी
- मिजोरम में कोरोना जैसे लक्षण पाए जाने पर 117 लोगों को उनके घरों में ही आइसोलेशन में रखा गया है
- असम सरकार ने शैक्षणिक संस्थान, जिम, स्विमिंगपूल, सिनेमाहाल को 29 मार्च तक बंद रखने का आदेश दिया है। सभी परीक्षाएं भी रद कर दी गई हैं
- कोचीन एयरपोर्ट पर ब्रिटेन के एक नागरिक के कोरोना पाजिटिव पाए जाने पर उसके साथ दुबई जाने वाले विमान में सवार सभी 289 लोगों को उतार लिया गया
- तमिलनाडु में केजी और प्राइमरी स्कूल में 31 मार्च तक छुट्टी कर दी गई है। सीमावर्ती जिलों में माल्स और सिनेमाहाल भी बंद रहेंगे
- गुजरात में भी सरकार ने शिक्षण संस्थान, सिनेमाहाल और स्विमिंगपूल को दो हफ्ते के लिए बंद रखने आदेश दिया है।
- पुडुचेरी में भी प्री-केजी और प्राइमरी स्कूलों को अगले आदेश तक बंद रखने का आदेश दिया गया है
- मुंबई पुलिस ने टूर ऑपरेटरों के देशी या विदेशी पर्यटन स्थलों पर सैलानियों को समूह में ले जाने पर रोक लगा दी है
कोरोना के कुल केस
महाराष्ट्र - 32
केरल - 22
उत्तर प्रदेश - 11
दिल्ली - 7
कर्नाटक - 7
लद्दाख - 3
तेलंगाना - 3
जम्मू-कश्मीर - 2
राजस्थान - 2
तमिलनाडु - 1
आंध्र प्रदेश - 1
पंजाब - 1
उत्तराखंड - 1
विदेशी - 17
केरल समेत बाकी राज्यों के हालात
महाराष्ट्र के बाद कोरोना से संक्रमितों की सबसे ज्यादा संख्या केरल में है। यहां 22 लोग अब तक पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें शुरू के तीन मामले भी शामिल हैं, जो अब ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं। उत्तर प्रदेश में 11, दिल्ली में सात, कर्नाटक में सात, लद्दाख में तीन, तेलंगाना में तीन, जम्मू-कश्मीर में दो पॉजिटिव केस मिले हैं। जबकि, राजस्थान में दो और उत्तराखंड, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पंजाब में कोरोना का एक-एक मामला दर्ज किया गया है। कुल मामलों में 17 विदेशी भी शामिल हैं, जिनमें 16 इटली के सैलानी और कनाडा का एक नागरिक शामिल है।