Coronavirus India News: 504 के बजाय 202 दिनों में दोगुना होने लगे कोरोना के मामले
कोरोना के कारण 80.4 फीसद मौतें महाराष्ट्र समेत छह राज्यों में हो रही हैं। महाराष्ट्र व पंजाब में 24 घंटे में क्रमश 132 व 53 मौते हुईं वहीं केरल में 10 व छत्तीसगढ़ में 12 मौतें दर्ज की गईं।
नई दिल्ली, जेएनएन। देश में कोरोना संक्रमण के दैनिक मामले फिर 40 हजार पार कर चुके हैं। संक्रमण की रμतार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मामलों के दोगुना होने का समय जो एक मार्च तक 504.4 दिन था वह 23 मार्च को 202.3 दिन हो चुका है। सबसे खराब स्थिति महाराष्ट्र समेत छह राज्यों की है। देश के 80.90 फीसद दैनिक पुष्ट मामले इन्हीं राज्यों में आ रहे हैं।
महाराष्ट्र, पंजाब और छत्तीसगढ़ समेत छह राज्यों की स्थिति चिंताजनक: स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, कोरोना संक्रमण के सबसे ज्यादा दैनिक मामले महाराष्ट्र, पंजाब, कर्नाटक, गुजरात, छत्तीसगढ़ व तमिलनाडु में आ रहे हैं। कुल दैनिक मामलों में इनकी भागीदारी 80.90 फीसद है। मध्य प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान में भी कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।
3.45 लाख हुए सक्रिय मामले: कोरोना संक्रमण के दैनिक मामलों में वृद्धि के साथ ही मंगलवार को देश में सक्रिय मामलों का आंकड़ा 3,45,377 हो गया। 24 घंटे के दौरान सक्रिय मामलों में 10,731 का इजाफा हुआ है। 62.71% सक्रिय मामले महाराष्ट्र में देश के कुल सक्रिय मामलों में से 75.15 फीसद महाराष्ट्र, कर्नाटक और पंजाब के हैं। महाराष्ट्र की बात करें तो देश के 62.71 फीसद सक्रिय मामले उसी राज्य के हैं।
भारी पड़ सकती है लापरवाही: विशेषज्ञों का मानना है कि कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के लिए लोगों की लापरवाही सबसे ज्यादा जिम्मेदार है। सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनने, शारीरिक दूरी का पालन करने व हाथ को बार-बार धोते या सैनिटाइज करते रहने जैसे नियमों का सख्ती से पालन नहीं किया जा रहा है। अगर इन नियमों का सख्ती से पालन नहीं किया गया तो लापरवाही भारी पड़ सकती है।
छह राज्यों में 80.4 फीसद दैनिक मौतें: कोरोना के कारण 80.4 फीसद मौतें महाराष्ट्र समेत छह राज्यों में हो रही हैं। महाराष्ट्र व पंजाब में 24 घंटे में क्रमश: 132 व 53 मौते हुईं, वहीं केरल में 10 व छत्तीसगढ़ में 12 मौतें दर्ज की गईं।
एक दिन में लगाए गए 32.53 लाख टीके: सोमवार को देशभर में कोरोना वैक्सीन की 32.53 लाख से ज्यादा खुराक दी गई। यह दैनिक टीकाकरण की अब तक की सबसे बड़ी संख्या रही। इसके साथ ही देश में अब तक विभिन्न सत्रों में 5,00,75,162 टीके लगाए जा चुके हैं।
14 राज्यों में एक भी मौत नहीं: पिछले 24 घंटे के दौरान 14 राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों में कोरोना के कारण किसी की मौत नहीं हुई। इनमें जम्मू- कश्मीर, गोवा, उत्तराखंड, ओडिशा, लक्षद्वीप, सिक्किम, दमन एवं दीव और दादरा एवं नगर हवेली, लद्दाख, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, अंडमान व निकोबार द्वीप समूह, अरुणाचल प्रदेश व नगालैंड शामिल हैं।