हड़ताल पर गए एअर इंडिया के ग्राउंड स्टाफ, 37 उड़ानें प्रभावित
दीपावली बोनस न मिलने और कुछ अन्य मुद्दों के चलते इन कर्मचारियों की हड़ताल से कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों समेत कुल 37 उड़ानें प्रभावित हुईं।
मुंबई, प्रेट्र। सरकारी एयरलाइंस एयर इंडिया के फ्लाइट ऑपरेशंस गुरुवार को एकाएक तब बाधित हो गए जब एयर इंडिया एयर ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (एआइएटीएसएल) के एक धड़े ने अचानक हड़ताल कर दी। दीपावली बोनस न मिलने और कुछ अन्य मुद्दों के चलते इन कर्मचारियों की हड़ताल से कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों समेत कुल 37 उड़ानें प्रभावित हुईं।
एयर इंडिया के एक अधिकारी के अनुसार सरकारी एयरलाइंस की सहायक कंपनी एआइएटीएसएल देश के सभी हवाई अड्डों पर एयर इंडिया को ग्राउंड हैंडलिंग सेवाएं देती है। कांट्रैक्ट पर काम कर रहे कर्मचारियों समेत इस कंपनी के कुल पांच हजार कर्मचारी हैं।
एयरलाइंस के अधिकारी ने बताया कि एआइएटीएसएल के कुछ कर्मचारी बुधवार-गुरुवार की रात दिवाली बोनस न मिलने, कुछ पूर्व कर्मचारियों की बहाली और कांट्रैक्ट रीन्यू ने करने पर हड़ताल पर चले गए। इससे उड़ान संबंधी सेवाएं बाधित हुईं। यह कर्मचारी कांट्रैक्ट पर हैं।
इसके चलते गुरुवार की दोपहर तीन बजे तक कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों समेत कुल 37 उड़ानों में तीन घंटे तक की देरी हुई। इस समस्या से निपटने के लिए मुंबई एयरपोर्ट पर एयरलाइंस ने अपने स्थायी कर्मचारियों को ग्राउंड हैंडलिंग सेवाओं पर लगा दिया है। हड़ताल पर गए कर्मचारियों से एआइएटीएसएल के प्रबंधन की बातचीत जारी है।