कोरोना के सक्रिय मामलों में लगातार हो रही गिरावट, उबरने की दर भी हुई 95 फीसद से ज्यादा
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के मुताबिक कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए अब तक देशभर में 16.81 करोड़ नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है। इनमें शनिवार को जांचे गए 9.43 लाख नमूने भी शामिल हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। देश में कोरोना के संक्रमित मामलों की संख्या घटकर 2.78 लाख रह गई है, 170 दिनों बाद सबसे कम है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक सक्रिय मामलों में लगातार गिरावट का रुख बना हुआ है। इसकी मुख्य वजह प्रतिदिन नए मामलों से ज्यादा मरीजों का ठीक होना है। अब तक करीब 98 लाख मरीज पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं और संक्रमितों का आंकड़ा भी एक करोड़ दो लाख के पास पहुंच गया है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से रविवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में सक्रिय मामलों की संख्या 2,78,690 पर आ गई है, जो कुल संक्रमितों का 2.73 फीसद है। वहीं, बीते 24 घंटों के दौरान देशभर में 18,732 नए मामले मिले हैं। मंत्रालय के मुताबिक एक जुलाई को इससे कम 18,653 मामले मिले थे। हालांकि शनिवार देर रात प्रेट्र की तरफ से जारी आंकड़ों में नए मामलों की संख्या 18 हजार से भी कम थी। इस दौरान 21,430 मरीज ठीक हुए हैं और 279 लोगों की मौत भी हुई है। इसके साथ ही कुल संक्रमितों का आंकड़ा एक करोड़ एक लाख 87 हजार को पार कर गया है। अब तक 97.61 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं और मृतकों का आंकड़ा 1,47,622 पर पहुंच गई है। मरीजों के उबरने की दर बढ़कर 95.82 फीसद हो गई है और मृत्युदर गिरकर 1.44 फीसद पर आ गई है।
अब तक 16.81 करोड़ नमूनों की जांच
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के मुताबिक कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए अब तक देशभर में 16.81 करोड़ नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है। इनमें शनिवार को जांचे गए 9.43 लाख नमूने भी शामिल हैं।
अंडमान निकोबार में नहीं मिला कोई नया मामला
अंडमान निकोबार द्वीप समूह के अधिकारियों ने बताया कि बीते चौबीस घंटों के दौरान एक भी नया संक्रमित नहीं मिला है। इस दौरान आठ और मरीज स्वस्थ हुए। अब तक कुल 4,912 संक्रमित पाए जा चुके हैं, जिनमें से 4,789 मरीज पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं और 62 लोगों की जान भी जा चुकी है। सक्रिय मामले 61 रह गए हैं।