कंगना रनोट की शूटिंग स्थल से 11 किमी पहले ही रोके गए प्रदर्शनकारी कांग्रेसी, पुलिस ने किया लाठी चार्ज
शनिवार देर शाम ट्रैक्टरों और चार पहिया वाहनों से यहां पहुंचे कांग्रेसियों ने पुलिस द्वारा रोके जाने पर जमकर नारेबाजी की और सारणी जाकर विरोध प्रदर्शन करने पर अड़े रहे इसके बाद उन्होंने पत्थरबाजी शुरू कर दी जिसके बाद पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ा।
बैतूल, जेएनएन। कृषि कानूनों को लेकर आंदोलन कर रहे किसानों पर कथित टिप्पणी के मामले में कांग्रेस द्वारा फिल्म अभिनेत्री कंगना रनोट का विरोध मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में शनिवार को भी जारी रहा। कंगना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने ट्रैक्टर रैली निकाल रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने फिल्म धाकड़ के शूटिंग स्थल सारणी से 11 किमी पहले ही रोक लिया।
शनिवार देर शाम ट्रैक्टरों और चार पहिया वाहनों से यहां पहुंचे कांग्रेसियों ने पुलिस द्वारा रोके जाने पर जमकर नारेबाजी की और सारणी जाकर विरोध प्रदर्शन करने पर अड़े रहे। कुछ देर नारेबाजी करने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर पत्थर फेंक दिए। जवाब में पुलिस ने उन पर लाठियां भांजी और वाटर केनन का प्रयोग किया। पुलिस ने कांग्रेस सेवादल के प्रदेश सचिव मनोज आर्य सहित कई अन्य के खिलाफ उपद्रव करने का केस दर्ज कर चार ट्रैक्टर जब्त कर लिए।
पुलिस बल का प्रयोग कर सभी कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को किया गया तितर बितर
गौरतलब है कि शुक्रवार को भी पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कर उन्हें भगा दिया था। कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन करने बैतूल से 90 किमी दूर सारणी के लिए रवाना हुए थे। रास्ते में चिचोली सहित अन्य कस्बों से उनके साथ कांग्रेस व युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता भी आ गए। सभी कार्यकर्ता शाम को सारणी के नजदीक बगडोना पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें रोक लिया। पुलिस ने बल प्रयोग कर कार्यकर्ताओं को तितर-बितर कर दिया।
उधर, विरोध की चेतावनी का शूटिंग पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा। कंगना ने शुक्रवार शाम से शनिवार सुबह छह बजे तक शूटिंग की। अभिनेता अर्जुन रामपाल के साथ कुछ एक्शन दृश्य शूट किए गए। फिल्म के निर्देशक रजनीश घई ने मीडिया से चर्चा में कहा बैतूल बहुत ही खूबसूरत है। कांग्रेस के विरोध पर उन्होंने कहा कि मेरी राजनीति में कोई रचि नहीं है।
आते रहे कांग्रेसी नेताओं के बयान
कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर शुक्रवार को हुए लाठीचार्ज पर कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरण यादव ने आपत्ति जताई। उन्होंने ट्वीट किया कि कंगना रनोट का विरोध कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज बताता है कि अब देश एवं प्रदेश में किसानों के हक की बात भी नहीं कर सकते। वहीं, मध्य प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि मैं इस कृत्य की निंदा करता हूं और प्रदेश की छवि बिगाड़ने वाले इन कांग्रेसी गुंडों को बता दूं कि उनके इस कृत्य को न जनता भूलेगी और न माफ करेगी।