नोटबंदी पर रिजर्व बैंक का घेराव करेगी कांग्रेस
कांग्रेस के राष्ट्रीय संयोजक डॉ. रघुबीर सिंह कादयान ने शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान यह जानकारी दी।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : नोटबंदी के खिलाफ जनवेदना अभियान के दूसरे चरण में कांग्रेस कार्यकर्ता भारतीय रिजर्व बैंक का घेराव करेंगे। ब्लॉक स्तर पर भी जनवेदना पंचायतों का आयोजन होगा। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। कांग्रेस के राष्ट्रीय संयोजक डॉ. रघुबीर सिंह कादयान ने शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि नोटबंदी के दौरान भारतीय रिजर्व बैंक अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी को निर्वाह करने में असफल रहा है और लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। 18 जनवरी को दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन की अगुवाई में रिजर्व बैंक का घेराव किया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ता जंतर-मंतर पर इकट्ठे होंगे और वहां से रिजर्व बैंक की ओर कूच करेंगे। रिजर्व बैंक से बैंकों से पैसा निकालने की सीमा समाप्त करने तथा कैशलेस लेनदेन पर लगने वाले शुल्क को खत्म करने की मांग की जाएगी।
कांग्रेस दिल्ली में जनवेदना अभियान का दूसरा चरण 12 जनवरी से 20 फरवरी तक चलाएगी। राज्य स्तरीय जनवेदना सम्मेलन भी होगा इसमें नोटबंदी पर चर्चा होगी। दिल्ली के 280 ब्लाकों में जनवेदना पंचायत का आयोजन होगा। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने नोटबंदी की घोषणा के समय 50 दिनों का वक्त मांगा था। प्रधानमंत्री ने कहा था कि 50 दिन के बाद यदि परेशानी दूर नहीं हुई तो लोग चौराहे पर उन्हें जो सजा देंगे उसे वे स्वीकार करेंगे।
कांग्रेस का कहना है कि अब तक समस्या दूर नहीं हुई है। इसलिए प्रत्येक चौराहे पर प्रधानमंत्री के लिए एक विशेष कुर्सी रखी जाएगी। कांग्रेस नेता चतर सिंह ने कहा कि जनवेदना पंचायत के बाद दिल्ली कांग्रेस के कार्यकर्ता नोटबंदी के कारण आम जन को हुई परेशानियों का वीडियो व तस्वीरें जारी करेंगे।