'पद्मभूषण क्यों देना, प्रधानमंत्री ही बना दो', ज्ञानेश कुमार की तारीफ पर कांग्रेस ने BJP बंगाल अध्यक्ष पर कसा तंज
पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद्म भूषण देने की मांग की है। ...और पढ़ें

कांग्रेस ने CEC ज्ञानेश कुमार को लेकर BJP पर कसा तंज (फाइल फोटो)
HighLights
शमिक भट्टाचार्य ने CEC ज्ञानेश कुमार को पद्म भूषण देने की मांग की।
पवन खेड़ा ने तंज कसते हुए कहा, 'उन्हें प्रधानमंत्री बना दो।'
ज्ञानेश कुमार पर वोटर लिस्ट विवाद को लेकर विपक्ष विरोध कर रहा है।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद्म भूषण देने की बात कही थी। शमिक भट्टाचार्य का मानना है कि वोटर लिस्ट को ठीक करने के लिए CEC ज्ञानेश कुमार को पद्म भूषण दिया जाना चाहिए।
बंगाल बीजेपी अध्यक्ष की बात पर कांग्रेस ने उनका मजाक उड़ाया है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, 'पद्म भूषण तो बहुत छोटी चीज है। उन्हें प्रधानमंत्री बना दो।'
ज्ञानेश कुमार को लेकर छिड़ा विवाद
शमिक भट्टाचार्य की CEC ज्ञानेश कुमार को पद्म भूषण देने की मांग पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा भड़क गए। उन्होंने कहा, 'पद्म भूषण तो बहुत छोटी चीज है, प्रधानमंत्री बना दो। जो आदमी दूसरों को प्रधानमंत्री बना सकता है, उसी को बना दो। ज्ञानेश बाबू को प्रधानमंत्री बनाना चाहिए।'
हाल ही में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ एक अंग्रेजी अखबार ने रिपोर्ट छापी, जिसमें दावा किया कि दो और चुनाव आयुक्तों की आपत्ति की बावजूद कई मामलों में चुनाव आयोग ने फैसले लिए, जिनमें SIR में वोटर लिस्ट से लोगों के नाम कटने का मुद्दा भी शामिल है।
इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद से ही देशभर में विपक्ष ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहा है। इस रिपोर्ट पर चुनाव आयोग ने भी अपनी बात रखी है और कहा कि इन आपत्तियों को सुझाव कहा जाना चाहिए।
शमिक भट्टाचार्य ने की थी पद्म भूषण की मांग
बंगाल बीजेपी अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने नॉर्थ 24 परगना जिले के पानीहाटी में पत्रकारों से बात करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त की तारीफ की थी।
बीजेपी राज्य अध्यक्ष नेता ने कहा, 'ज्ञानेश कुमार को कम से कम पद्म भूषण से सम्मानित किया जाना चाहिए। पश्चिम बंगाल के लोग इस बात से खुश हैं कि इतने लंबे समय बाद डराने-धमकाने का माहौल नहीं था, चुनाव के दौरान हत्या की कोई घटना नहीं हुई और लोगों को वास्तव में वोट डालने दिया गया।'
शमिक भट्टाचार्य ने आगे कहा था, 'पश्चिम बंगाल जैसे सीमावर्ती राज्य में, ज्ञानेश कुमार ने वोटर लिस्ट से बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम हटाने की पहल की। पश्चिम बंगाल के लोगों ने शायद ही कभी ऐसा चुनाव देखा हो। इसलिए, पश्चिम बंगाल की आम जनता ज्ञानेश कुमार की आभारी है और उन्हें पूरे दिल से आशीर्वाद दे रही है।'
