'एकला चलो' की राह पर कांग्रेस-राकांपा
कांग्रेस व राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के बीच महाराष्ट्र में सीटों के बंटवारे को लेकर महाभारत थम नहीं रहा है। एक-एक सीट के लिए कड़ी सौदेबाजी कर रही दोनों पार्टियां सामने वाले के झुकने के इंतजार में हैं। इस बीच दोनों पार्टियों ने एक बार फिर गठबंधन तोड़कर 'एकला चलो' की राह
नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। कांग्रेस व राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के बीच महाराष्ट्र में सीटों के बंटवारे को लेकर महाभारत थम नहीं रहा है। एक-एक सीट के लिए कड़ी सौदेबाजी कर रही दोनों पार्टियां सामने वाले के झुकने के इंतजार में हैं। इस बीच दोनों पार्टियों ने एक बार फिर गठबंधन तोड़कर 'एकला चलो' की राह अख्तियार करने की धमकी दी है।
महाराष्ट्र में सीटों के बंटवारे को कांग्रेस राकांपा के बीच चल रही बातचीत में दोनों दलों के अड़े रहने से गतिरोध आ गया है। हालांकि, पर्दे के पीछे से बातचीत जारी है। राकांपा की मांग है कि दोनों दल बराबर सीटों पर चुनाव लड़े। कांग्रेस ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि वह राकांपा को 125 से अधिक सीटें नही दे सकती। वहीं राकांपा ने कांग्रेस को कहा है कि गठबंधन बचाने के लिए इस बार उसे कुछ और आगे बढ़ना होगा। गौरतलब है कि 288 सीटों वाली महाराष्ट्र विधानसभा में पिछली बार बंटवारे में राकांपा को 124 सीटें मिली थीं। कांग्रेस ने इस बार राकांपा को 125 सीटें देने की बात कही है। पार्टी ने कहा है कि राकांपा के रूख पर अड़े रहने की स्थिति में कांग्रेस विधानसभा चुनाव में अकेले उतरेगी। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस आलाकमान ने स्पष्ट कर दिया है कि गठबंधन के लिए पार्टी एक सीमा से आगे राकांपा के दबाव में नही आएगी। हालांकि, राज्य के मौजूदा राजनीतिक हालात के मद्देनजर पार्टी ने 125 सीटों की सीमा को अंतिम नही माना है। दरअसल, राज्य में सीटों के बंटवारे को लेकर फंसे पेंच के बीच समय कम रह गया है।
'अगर राकांपा को हमारा प्रस्ताव मंजूर नहीं, तो हम अकेले ही चुनाव लड़ेंगे।'
- माणिक राव ठाकरे
अध्यक्ष, महाराष्ट्र कांग्रेस
पढ़ें: मुख्यमंत्री पद के लिए है भाजपा- शिवसेना की तकरार: राणे
पढ़ें: मुश्किल में गठबंधन, राकांपा ने दिया कांग्रेस को अल्टिमेटम