हरियाणा में किसी भी दल से समझौते के पक्ष में नहीं हैं कांग्रेस नेता
नेताओं ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस अकेले के दम पर सभी दलों के सामने लोकसभा और विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने में सक्षम है।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। हरियाणा कांग्रेस के नेता प्रदेश में किसी भी दल से चुनावी समझौते के पक्ष में नहीं हैं। पार्टी की राष्ट्रीय कार्यसमिति में हिस्सा लेने के बाद कांग्रेस नेताओं ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस अकेले के दम पर सभी दलों के सामने लोकसभा और विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने में सक्षम है।
इन नेताओं का कहना है कि सभी प्रदेशों के नेताओं ने राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य में राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को चुनावी गठबंधन के लिए अधिकृत किया है। हमने उनसे आग्रह किया है कि हम हरियाणा में किसी से गठबंधन के बगैर जीत हासिल करेंगे।
प्रदेश से कांग्रेस कार्यसमिति में शामिल विशेष आमंत्रित सदस्य दीपेंद्र हुड्डा, विधायक दल की नेता किरण चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष डा.अशोक तंवर ने बैठक के बाद कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार का विकल्प केवल कांग्रेस है।
कार्यसमिति की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने सभी नेताओं से अलग-अलग मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर विचार लिए हैं। 2019 के चुनाव के लिए प्रदेश कांग्रेस अकेले के दम पर चुनाव जीतने में सक्षम है। सभी नेताओं का यही मत रहा। इसके अलावा नेताओं ने कांग्रेस किस तरह मजबूत हो सकती है, इसके लिए अपने विचार दिए।
-किरण चौधरी, नेता, कांग्रेस विधायक दल, हरियाणा