कास्टिंग काउच पर कांग्रेस नेता रेणुका चौधरी का बड़ा बयान, बोलीं- संसद भी नहीं बची...!
रेणुका चौधरी ने एक बयान में कहा, 'देखिए, कास्टिंग काउच सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री में ही नहीं होता है। महिलाओं के साथ ऐसा हर फील्ड में हो रहा है।
नई दिल्ली, एएनआइ। कोरियोग्राफर सरोज खान के इंडस्ट्री में कास्टिंग काउच पर दिए बयान पर बवाल खड़ा हो गया है। वहीं कांग्रेस नेता रेणुका चौधरी ने सरोज खान के बयान का यह कहकर समर्थन किया है कि कास्टिंग काउच सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री तक ही सीमित नहीं है, बल्कि ऐसा लगभग हर क्षेत्र में होता है जो एक कड़वा सच है।
रेणुका चौधरी ने एक बयान में कहा, 'देखिए, कास्टिंग काउच सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री में ही नहीं होता है। महिलाओं के साथ ऐसा हर क्षेत्र में हो रहा है। ये हमारे समाज का एक कड़वा सच है, जिसे नकारा नहीं जा सकता। अगर आप यह सोचते हैं कि देश की संसद या कोई और काम की जगह इससे बची है, तो ऐसा बिल्कुल नहीं है। हर क्षेत्र में महिलाओं के साथ शोषण होता है। अब समय आ गया है लोग सामने अाएं और बताएं कि उनके साथ कब और कहां ऐसा हुआ।'
कांग्रेस नेता रेणुका चौधरी के बयान से जाहिर होता है कि राजनीति में भी कास्टिंग काउच का गंदा खेल खेला जाता है। उनकी ये टिप्पणी कोरियोग्राफर सरोज खान के बयान के बाद आई, जिसमें उन्होंने कहा है कि फिल्म इंडस्ट्री में अगर कास्टिंग काउच होता है, तो पीडि़ता को रोटी भी मिलती है। इंडस्ट्री में जिसके साथ गलत होता है, उसे यूं ही छोड़ नहीं दिया जाता, उसे काम दिया जाता है। इससे उसका घर चलता है।
दरअसल, सरोज खान ने इंडस्ट्री में कास्टिंग काउच को गलत नहीं ठहराया। उन्होंने कहा कि ये काफी समय से होता चला आ रहा है। लेकिन सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री में ही महिलाओं के साथ कास्टिंग काउच होता है। ये गलत है, अन्य क्षेत्र भी इससे अछूते नहीं हैं। इसलिए सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री पर उंगुली नहीं उठानी चाहिए। उन्होंने कहा कि ये महिला की मर्जी पर निर्भर करता है। हालांकि सरोज खान ने दुष्कर्म जैसी घटनाओं को गलत ठहराया है। उन्होंने कहा कि वह किसी भी महिला के साथ दुष्कर्म को सही नहीं ठहराती हैं।
हालांकि विवाद को बढ़ता देख सरोज खान बैकफुट पर आ गई हैं। उन्होंने अपने विवादित बयान के लिए माफी मांग ली है और साथ में यह भी कहा है कि उन्होंने जिस सवाल के जवाब में ऐसा कहा, उसकी चर्चा नहीं की जा रही। उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।