नौकरी छोड़ आजादी की लड़ाई में कूदने वालों के परिजनों की तलाश में जुटी कांग्रेस
सबकुछ त्याग स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वालों के परिजनों की तलाश कर उनके घर जाकर मिलेंगे कांग्रेस नेता।
भोपाल (नई दुनिया)। भाजपा के महासंपर्क अभियान की तर्ज पर कांग्रेस अब स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े लोगों के परिजन तक पहुंचने का कार्यक्रम बना रही है। इस कड़ी में कांग्रेस ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान वकालत करने या सरकारी नौकरियों में लगे लोगों द्वारा वकालत व नौकरियां छोड़कर आजादी की लड़ाई में कूदने वालों के परिजन की तलाश शुरू कर दी है। स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले ऐसे लोगों के परिजन से कांग्रेस नेता उनके घर जाकर मिलेंगे। उनसे अपने पूर्वजों द्वारा सुनाए गए संस्मरणों की जानकारी लेंगे और तस्वीर-लिखित दस्तावेजों की यादों को एकत्रित करेंगे।
जानकारी जुटा रही मप्र कांग्रेस
मप्र कांग्रेस ने महात्मा गांधी के प्रदेश प्रवास के दौरान जिन घरों में वे ठहरे थे, उनके परिजन की सूची बनाने के बाद अब स्वतंत्रता संग्राम के दौरान वकील और सरकारी नौकरी छो़ड़ने वालों के परिजन की जानकारी भी जुटानी शुरू कर दी है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के विचार विभाग के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के लिए वकील और सरकारी नौकरी छोड़ने वाले लोगों के परिजन की विशेष तौर पर पहचान की जा रही है।
चित्र-पत्र भी जुटाने की कोशिश
सूत्र बताते हैं कि ऐसे लोगों के परिजन की ज्यादा संख्या बुंदेलखंड, महाकौशल व मालवा क्षेत्र में है। इन परिवारों के संस्मरणों या उनके पूर्वजों से सुनी बातों को आधार बनाकर कांग्रेस तैयारी कर रही है। यही नहीं, उनके पास मौजूद चित्र, पत्रों और अन्य दस्तावेजों को भी हासिल करने का प्रयास किया जा रहा है।
कांग्रेस नेता पहुंचेंगे परिजन के घर
बताया जाता है कि स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले इन लोगों के परिजन के घर कांग्रेस नेता पहुंचेंगे, इसका कार्यक्रम तैयार किया जाएगा। ऐसे परिजन को कांग्रेस के कार्यक्रमों में शामिल करने की भी कोशिश रहेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ भी सैद्धांतिक रूप से इसके लिए सहमति दे चुके हैं।