विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'भाजपा के कार्यकर्ता बन गए हैं ज्ञानेश कुमार'... खरगे का बड़ा हमला, CEC के इस्तीफे के लिए विपक्ष बनाएगी रणनीति

Published: Mon, 28 Sep 2026 11:15 PM (IST)

कांग्रेस ने मतदाता सूची के विशेष सघन पुनरीक्षण (एसआइआर) से जुड़े विवाद में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की राजनीतिक लड़ाई तेज कर दी है

ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग पर अड़ा विपक्ष

ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग पर अड़ा विपक्ष

HighLights

  1. कांग्रेस ने ज्ञानेश कुमार को हटाने की राजनीतिक लड़ाई तेज की।

  2. विपक्षी दल सीईसी के इस्तीफे के लिए साझा रणनीति बनाएंगे।

  3. मंगलवार को कांग्रेस कार्य समिति की विशेष बैठक बुलाई गई।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। कांग्रेस ने मतदाता सूची के विशेष सघन पुनरीक्षण (एसआइआर) से जुड़े खुलासे पर छिड़े विवाद में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाए जाने की राजनीतिक लड़ाई को लंबा खींचने के इरादे साफ कर दिए हैं।

हालांकि, शनिवार को तीनों आयुक्तों ने एक साथ बैठक कर जारी विज्ञप्ति में कहा कि एसआईआर से जुड़े सभी फैसले सर्वसम्मति से लिए गए थे। लेकिन कांग्रेस ने उस बैठक को भी दबाव बताया था।

राज्यों की राजधानियों में शनिवार को किए विरोध प्रदर्शन के बाद कांग्रेस ने सोमवार को देश के लगभग सभी जिलों में सीईसी को हटाने और गिरफ्तारी की मांग उठाई। अगली कड़ी में पार्टी ने विपक्षी दलों को साथ लेकर ज्ञानेश कुमार पर राजनीतिक दबाव बढ़ाने का फैसला किया है।

इसके मद्देनजर मंगलवार को कांग्रेस कार्य समिति की विशेष बैठक बुलाई गई है जिसमें विपक्षी गठबंधन के दलों के साथ मिलकर सीईसी की घेरेबंदी की साझा रणनीति तय की जाएगी।

चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी की सीईसी के एसआइआर से जुड़े फैसलों पर असहमति जताने का मामला सामने आने के बाद से ही विपक्षी आईएनडीआइए गठबंधन में शामिल सभी दल ज्ञानेश कुमार पर हमलावर हैं।

तृणमूल ममता गुट की प्रमुख ममता बनर्जी से लेकर शिवसेना यूबीटी नेता उद्धव ठाकरे जैसे नेताओं ने विपक्षी दलों की बैठक बुलाने के लिए कांग्रेस पर दबाव बनाया था। ममता बनर्जी ने तो चुनाव आयोग का आंतरिक विवाद सामने आने के अगले दिन ही लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी को फोन कर आईएनडीआइए की तत्काल बैठक बुलाने के लिए कहा था।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने विपक्षी दलों की बुधवार को प्रस्तावित बैठक में अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों की वजह से शामिल नहीं हो पाने की सूचना कांग्रेस नेतृत्व को भेज दी है मगर यह भी कहा है कि अपने वरिष्ठ नेता को सपा विपक्ष की इस बैठक में भेजेगी।

सूत्रों के अनुसार कार्यसमिति की बैठक में स्वाभाविक रूप से चुनाव आयोग के अंदरूनी खुलासे को देखते हुए एसआईआर प्रक्रिया पर उठे गंभीर सवालों के बाद ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के अलावा पूरी एसआइआर प्रक्रिया रद किए जाने की मांग का प्रस्ताव पारित किया जा सकता है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पार्टी के कड़े रूख का संकेत देते हुए सोमवार को कहा हम इस लड़ाई को पूरी गंभीरता से लड़ेंगे क्योंकि यह मुद्दा हमारे लोकतंत्र के अस्तित्व और देश के बचे रहने से जुड़ा है। इसीलिए हम बहुत गंभीर हैं और कार्यसमिति में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से चर्चा कर उचित कदम उठाएंगे।

ज्ञानेश कुमार पर हमला बोलते हुए खरगे ने कहा कि चुनाव आयोग के अपने ही लोगों ने उनकी पोल खोल दी है और केरल के एक पूर्व मुख्य सचिव ने भी कहा है कि सीईसी ने खुद उनसे भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने के लिए कहा था।

उन्होनें कहा कि इसका मतलब है कि ज्ञानेश कुमार भाजपा की विचारधारा को आगे बढ़ा रहे हैं और भाजपा के कार्यकर्ता बन गए हैं। ज्ञानेश कुमार के पद छोड़ने की मांग दोहराते हुए खरगे ने यह भी कहा कि इस्तीफे के बाद भी हमें उनके खिलाफ कार्रवाई करनी होगी।