कांग्रेस का अारोप व्यापम घोटाले में शामिल हैं शिवराज सिंह चौहान
पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री पर व्यापम घोटाले में शामिल होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि यह राज्य का सबसे बड़ा घोटाला ही नहीं है बल्कि इसके जरिए राज्य के युवाओं के साथ अन्याय किया गया है।
भोपाल। पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री पर व्यापम घोटाले में शामिल होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि यह राज्य का सबसे बड़ा घोटाला ही नहीं है बल्कि इसके जरिए राज्य के युवाओं के साथ अन्याय किया गया है। वहीं दूसरी ओर भाजपा ने इन सभी आरोपों को आधारहीन बताया है।
कमलनाथ के मुताबिक राज्य सरकार द्वारा व्यापम घोटाले मामले में शामिल सबूतों के साथ छेड़छाड़ की गई है। एक प्रेस वार्ता में सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील केटीएस तुलसी ने आरोप लगाया कि कोर्ट में साक्ष्यों को जमा करने से पहले उनसे छेड़छाड़ की गई है। उनका कहना था कि व्यापम घोटाले में एक अहम सबूत जब्त हार्ड डिस्क को सील नहीं किया गया, जो इस बात का सबूत है कि सरकार ने सबूतों से छेड़छाड़ करने की कोशिश करने की परोक्ष इजाजत दी है।
भाजपा नेता नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस के आरोपों को दरकिनार करते हुए कहा है कि कांग्रेस के इन अारोपों को ध्यान देने की जरूरत पार्टी नहीं समझती है क्योंकि यह आधारहीन हैं। पार्टी ने इस मामले में उलटे कांग्रेस को ही कटघरे में करने की कोशिश भी की है। पार्टी का आरोप है कि इस घोटाले में कांग्रेस शामिल रही है।