वेंकैया का ताना भूल कांग्रेस ने मांगा लोस का नेता प्रतिपक्ष पद
कांग्रेस ने सोमवार को लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष पद की मांग की। संसदीय कार्यमंत्री वेंकैया नायडू के उस कटाक्ष से कांग्रेस बेअसर दिखी जिसमें उन्होंने कहा था कि जनता ने किसी भी दल को इस पद के लिए नहीं चुना है।
नई दिल्ली। कांग्रेस ने सोमवार को लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष पद की मांग की। संसदीय कार्यमंत्री वेंकैया नायडू के उस कटाक्ष से कांग्रेस बेअसर दिखी जिसमें उन्होंने कहा था कि जनता ने किसी भी दल को इस पद के लिए नहीं चुना है।
कांग्रेस प्रवक्ता आनंद शर्मा ने इस मुद्दे पर शीघ्र और उचित फैसले की मांग करते हुए संवाददाताओं से कहा, हम समझते हैं कि यह महत्वपूर्ण पद है और इसे विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी को देने से मना नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष की संवैधानिक भूमिका है और हम इसे सरकार के विवेक पर छोड़े हुए हैं। सरकार का इस बारे में क्या नजरिया है यह लोकसभा अध्यक्ष के जरिये पता चल जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले को विवादास्पद नहीं बनाया जाना चाहिए क्योंकि सभी तथ्य सार्वजनिक हैं।
संसदीय कार्यमंत्री वेंकैया नायडू ने यह स्पष्ट किया है कि यह मामला अभी बंद नहीं हुआ है। कांग्रेस जनमत की भावना को समझ नहीं पा रही है। कांग्रेस को अपनी करारी हार पर आत्मनिरीक्षण करना चाहिए। स्थिति यही है कि जनता ने किसी को नेता प्रतिपक्ष नहीं चुना है।