यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 08, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मोदी को बाहर रखने के लिए विकल्प तलाश रही कांग्रेस
चुनावी नतीजों की तारीख निकट आते ही कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ...और पढ़ें

नई दिल्ली। चुनावी नतीजों की तारीख निकट आते ही कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी को रोकने के लिए विकल्प तलाशने शुरू कर दिए हैं। पार्टी नए घटक दलों के साथ व विस्तृत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग-3) पर विचार कर रही है। साथ ही, पार्टी ने नेतृत्व के मुद्दे को भी खुला रखा है।
नाम जाहिर न करने की शर्त पर पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि सभी विकल्प खुले हैं और सभी विकल्प बंद हैं। सब कुछ हमें व भाजपा को मिलने वाली सीटों की संख्या और उनमें अंतर पर तय करेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जिम्मेदार राष्ट्रीय पार्टी होने की भूमिका नहीं छोड़ेगी, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि देशहित में एक स्थायी सरकार का गठन हो और इस दिशा में हम सभी समान विचारधारा वाली पार्टियों के साथ काम करेंगे।
इसका क्या स्वरूप होगा, यह सब क्षेत्रीय दलों को मिलने वाली सीटों पर तय करेगा और उनमें भी यह कि किसे, कितनी सीटें मिलती हैं। कुछ पार्टियां ऐसी हैं, जो किसी भी हाल में मोदी को समर्थन नहीं दे सकतीं।
उन्होंने कहा कि नेतृत्व का मुद्दा इस सबके बाद आएगा। साथ ही, जोड़ा कि अगर संख्याबल की मांग हुई तो नेतृत्व के मुद्दे पर ज्यादा जोर न देने का विचार भी कांग्रेस के लिए खुला है। इसके साथ-साथ उन्होंने कहा कि व्यावहारिक तौर पर हम यह समझने में पूरी तरह सक्षम हैं कि 20 सीटों वाली कोई पार्टी 100 से ज्यादा सीटों वाली पार्टी की अगुआई नहीं कर सकती।
