कर्नाटक के धारवाड़ में 15 से 24 जुलाई के लिए लगा संपूर्ण लॉकडाउन
कैबिनेट मंत्री जगदीश शेट्टार ने एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि धारवाड़ क्षेत्र में 15 जुलाई को सुबह 10 बजे से 24 जुलाई की रात 8 बजे तक संपूर्ण लॉकडाउन लगाया जाएगा।
बेंगलुरु, एएनआइ। कर्नाटक के धारवाड़ में 15 से 24 जुलाई के लिए पूर्ण लॉकडाउन लगाया है। कैबिनेट मंत्री जगदीश शेट्टार ने एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि धारवाड़ क्षेत्र में 15 जुलाई को सुबह 10 बजे से 24 जुलाई की रात 8 बजे तक संपूर्ण लॉकडाउन लगाया जाएगा। यहां पर बढ़ते मामलों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
शेट्टार ने बताया कि 11 जिलों और मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के महामारी की स्थिति पर चर्चा के लिए एक वीडियो कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। हुबली में कर्नाटक इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज पर दबाव बढ़ रहा है, क्योंकि यहां इलाज के लिए मरीज दूसरे स्थानों पर आते हैं। ऐसे में हम मुख्यमंत्री के संज्ञान में यह इसके लेकर आए। उन्होंने लॉकडाउन लगाने के पीछे का कारण भी बताते हुए कहा कि लोगों और अधिकारियों की तरफ से लापरवाही बरती जा रही है। कोई भी इस वायरस से घातक परिणामों के बारे में जागरुक नहीं है। यहां मार्केट में 1000 से ज्यादा ऐसे लोग हैं जो बिना मास्क पहने घुम रहे हैं। हमने सीएम से अपील की वह तय करें कि लॉकडाउन लगाना जरूरी है।
राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कर्नाटक में अब तक कुल 41,581 सकारात्मक मामले हैं, जिनमें 24,572 सक्रिय मामले और 16,248 रिकवर को चुके हैं। अब तक राज्य में 757 लोग कोरोनोवायरस से अपनी जान गंवा चुके हैं। बता दें कि महाराष्ट्र सबसे ज्यादा संक्रमित राज्य है। इसके बाद तमिलनाडु और देश की राजधानी दिल्ली सबसे ज्यादा संक्रमित राज्य है। यही नहीं कर्नाटक भी सबसे ज्यादा संक्रमितों की लिस्ट में शामिल है। देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 9 लाख के पार पहुंच गई है। इसमें से अब तक 5.53 लाख से ज्यादा मरीज पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। वहीं, सक्रिय मामलों से स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या 2,59,894 हो गई है। प्रत्येक दिन यह आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। वहीं तेज रफ्तार से कोरोना टेस्टिंग भी बढ़ रही है।