सीएम बताएं, मुआवजा मंदसौर के किसानों को दिया या असामाजिक तत्वों को...?
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता केके मिश्रा ने किसानों की मौत के लिए जिम्मेदार कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
भोपाल, नईदुनिया। किसान आंदोलन के दौरान मंदसौर में पुलिस की गोली से छह किसानों की मौत के मामले में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने मुख्यमंत्री से पूछा है कि जिनकी मृत्यु पर एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया गया है वह किसान थे या असामाजिकतत्व।
दरअसल, सरकार की ओर से लगातार यह दावा किया जा रहा है कि आंदोलन करने वालों में किसान नहीं असामाजिकतत्व शामिल हैं। वह ही हिंसक कार्रवाई कर रहे हैं। जब आंदोलन में किसान ही नहीं हैं, तो फिर क्या असामाजिकतत्वों को आर्थिक सहायता दी जा रही है।
उन्होंने गोली चलाने की जिम्मेदारी लेते हुए मुख्यमंत्री से इस्तीफा देने की मांग भी की। सिंह ने किसानों से शांतिपूर्ण आंदोलन की अपील करते हुए कहा कि भाजपा आंदोलन को बदनाम करने में लगी है, इसलिए अहिंसात्मक आंदोलन के जरिए अपनी मांगों को उठाया जाए।
उधर, प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता केके मिश्रा ने किसानों की मौत के लिए जिम्मेदार कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार राजनीतिक प्रतिशोध की तरह कांग्रेस कार्यकर्ताओं को फंसा रही है।
इसे भी पढ़ें: मंदसौर में और भड़का किसान आंदोलन, प्रदर्शनकारी किसानों ने 10 वाहन फूंके