राहुल गांधी के मंच से PM की मिमिक्री करना पड़ा भारी, कॉमेडियन पुलकित मणि के तीन शो रद
प्रधानमंत्री मोदी की मिमिक्री करने वाले कॉमेडियन पुलकित मणि के नोएडा, लखनऊ और कानपुर में होने वाले स्टैंड-अप शो रद कर दिए गए हैं।

कॉमेडियन पुलकित मणि के तीन स्टैंड-अप शो रद किए गए

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विवादित मिमिक्री करके चर्चा में आए कमेडियन पुलकित मणि का कहना है कि उनके नोएडा, लखनऊ और कानपुर में होने वाले स्टैंड-अप शो रद कर दिए गए हैं।
मध्य प्रदेश में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ एक राजनीतिक मंच पर मसखरी करके लोगों की आंखों की किरकिरी बनने वाले मणि का आरोप है कि 'गुंडा कार्यकर्ताओं से बार-बार के धमकियों के कारण उन्होंने अपने आगामी शो रद किए हैं।
मणि उस समय विवादों के केंद्र में आ गए जब उन्होंने इंदौर में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी की मिमिक्री की।
कॉमेडियन पुलकित मणि के तीन स्टैंड-अप शो रद
अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक पोस्ट में कमेडियन मणि ने कहा कि उनका नोएडा शो 'अनपेक्षित परिस्थितियों' के कारण रद कर दिया गया है। मैं असुविधा के लिए माफी मांगता हूं और आपके समर्थन की सराहना करता हूं। उनकी यह पोस्ट अब इंस्टाग्राम की 24 घंटे की सीमा के कारण गायब हो गई है।
एक अन्य पोस्ट में स्टैंड-अप कमेडियन ने अपने लखनऊ और कानपुर प्रदर्शन के भी रद होने की घोषणा की। मणि ने पोस्ट किया, 'गुंडा कार्यकर्ताओं से बार-बार के धमकियों के कारण मेरे लखनऊ और कानपुर शो रद कर दिए गए हैं।' उल्लेखनीय है कि स्टैंड अप कमेडी करने से पहले पुलकित मणि नोएडा के एक स्कूल में फ्रेंच पढ़ाते थे व अनुवाद का काम भी करते थे।
पुलकित मणि ने बताया क्यों रद किया शो?
रविवार को कांग्रेस द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में मणि को प्रधानमंत्री मोदी की मिमिक्री करते हुए देखा गया। इस अभिनय में मणि मंच पर हंसते हुए आए और राहुल गांधी को गले लगाया।
'मेरे दोस्त। आप कैसे हैं?' इस पर, राहुल ने उत्तर दिया, 'मैं ठीक हूं; आप कैसे हैं, मोदी जी?' "मेरे दोस्त" का वाक्यांश दोहराते हुए हंसते रहे। राहुल गांधी ने फिर कहा, "आपसे मिलकर बहुत अच्छा लगा" और मणि से "मुझे और बताओ" कहा।
कमेडियन हंसते और राहुल गांधी को गले लगाते रहे और फिर दर्शकों की ओर इशारा कर कहा, 'मां को कुर्सी दो, मां'। इस वीडियो पर भाजपा ने कांग्रेस की आलोचना कर कहा कि पार्टी 'सर्कस' में बदल गई है। जब से यह विवाद शुरू हुआ मणि इंटरनेट मीडिया पर मिल रहे नफरत भरे संदेशों के स्क्रीनशाट पोस्ट कर रहे हैं।
