COVID-19: जानें दुनिया के सबसे प्रमुख प्रभावित देशों में एक दिन में संक्रमण की सर्वाधिक स्थिति कब आई
वल्र्डोमीटर्स के आंकड़ों के अनुसार अमेरिका में 24 जुलाई को 78586 मामले सामने आए थे। जिसके बाद भारत में रविवार को 80078 मामले सामने आए हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। देश में कोरोना संक्रमण के दैनिक मामलों ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। एक ही दिन में सर्वाधिक संक्रमण के मामलों में उसने अमेरिका को पीछे छोड़ दिया है। वल्र्डोमीटर्स के आंकड़ों के अनुसार, अमेरिका में 24 जुलाई को 78,586 मामले सामने आए थे। जिसके बाद भारत में रविवार को 80,078 मामले सामने आए हैं। दुनिया का कोई भी देश ऐसा नहीं है, जिसमें अब तक एक दिन में इतने मामले सामने आए हों।
यह आंकड़े चिंता बढ़ाने वाले हैं, लेकिन दुनिया के दूसरे देशों के आंकड़ों पर गौर करें तो सर्वाधिक मामलों के बाद धीरे-धीरे दैनिक मामले घटना शुरू हुए हैं। यदि इसे भारत का चरम मानें तो इस तरह के आंकड़ों से घबराने की जरूरत नहीं है। यहां से मामलों में कमी भी आ सकती है। आइए, जानते हैं कि दुनिया के प्रमुख प्रभावित देशों में एक दिन में संक्रमण की सर्वाधिक स्थिति कब आई:
भारत: देश में कोरोना वायरस के कारण संक्रमित लोगों की संख्या में जबरदस्त इजाफा हो रहा है। रविवार को एक ही दिन में संक्रमण के 80 हजार नए मामले सामने आए हैं। वहीं कुल मामले 35 लाख के आंकड़े को पार कर गए हैं। इसमें भारत को 235 दिनों का वक्त लगा है। देश में मामले लगातार बढ़ रहे हैं और हर किसी को मामलों के चरम पर पहुंचने का इंतजार है, जिसके बाद इसमें कमी आनी शुरू होगी।
ब्राजील: अमेरिका के बाद ब्राजील सर्वाधिक मामलों के लिहाज से दुनिया का दूसरा देश है। यहां पर 29 जुलाई को एक ही दिन में 70,869 मामले सामने आए थे। ब्राजील में 13 अगस्त के बाद से दैनिक मामले 50 हजार से कम ही रहे हैं। कुल 38 लाख संक्रमण के मामलों में से 30 लाख ठीक हो चुके हैं।
अमेरिका: अमेरिका में 24 जुलाई को सर्वाधिक मामले सामने आए थे। एक ही दिन में संक्रमण के कुल 78,566 मामले सामने आए थे। हालांकि यह दैनिक मामलों में अमेरिका का पीक था, जिसके बाद से संक्रमण के मामलों में लगातार गिरावट जारी है।
रूस: कोरोना वायरस की वैक्सीन बनाने का दावा करने के बीच रूस में मामले लगातार कम हो रहे हैं। 11 मई को 11,656 मामले सामने आए थे। इसके बाद से दैनिक मामलों का ट्रेंड दिखा रहा है कि नए मामलों की संख्या में काफी गिरावट दर्ज की जा रही है। 15 अगस्त के बाद से यहां रोजाना 5 हजार से कम मामले सामने आ रहे हैं।
पेरू: पेरू में कोरोना वायरस फिर से अपने पांव पसार रहा है। 16 अगस्त को यहां पर 10,143 संक्रमण के मामले सामने आए। हालांकि इससे पूर्व 31 मई को 8,805 मामले सामने आए थे और फिर जुलाई तक आते-आते दैनिक मामलों में उल्लेखनीय कमी आई। हालांकि यहां अब मामले बढ़ रहे हैं।
दक्षिण अफ्रीका: दक्षिण अफ्रीका में 24 जुलाई को सर्वाधिक 13,944 मामले सामने आए थे। 23 अगस्त के बाद से यहां मामले कम होकर 3 हजार से कम हो गए हैं।
कोलंबिया: यहां पर 19 अगस्त को एक दिन में सर्वाधिक 13,056 मामले सामने आए थे, लेकिन इसके बाद से यहां भी मामलों में गिरावट आई है। बावजूद इसके यहां 9-10 हजार मामले रोजाना सामने आ रहे हैं। फिर भी यह गिरावट उल्लेखनीय है।
मेक्सिको: मेक्सिको में मामले बहुत तेजी से नहीं बढे थे। 2 अगस्त को एक दिन में सर्वाधिक 9,556 मामले सामने आने थे। इसके पहले और बाद में कुछ समय तक मामले इसी के आसपास बने रहे, लेकिन फिर इनमें गिरावट आनी शुरू हुई है।
स्पेन: स्पेन के दैनिक मामलों का ग्राफ बताता है कि यहां पर एक बार फिर कोरोना संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं। यहां पर 20 मार्च को 10,856 मामले सामने आए थे, जिसके बाद से दैनिक मामलों की संख्या एक वक्त 300 से भी कम हो गई थी। हालांकि इसके बाद इसमें फिर बढोतरी हुई और 21 अगस्त को दैनिक मामले बढ़कर 7,565 तक पहुंच गए। हालांकि एक बार फिर यहां मामले कम हो रहे हैं।
चिली: यहां पर 14 जून को 8,120 मामले सामने आए थे। यह अब घटकर करीब 2 हजार तक पहुंच गए हैं।