Weather Update: भीषण ठंड के आगोश में उत्तर भारत, जानें अगले तीन दिन तक कैसा रहेगा मौसम...
हरियाणा मध्यप्रदेश झारखंड बंगाल और छत्तीसगढ़ में शीतलहर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक अभी तीन दिन और ऐसा ही मौसम बना रहेगा।
नई दिल्ली, जागरण न्यूज नेटवर्क। पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में आए बदलाव ने पूरे उत्तर भारत को अपनी चपेट में ले लिया है। पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है तो मैदानी इलाकों में कोहरे के साथ कंपकंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। हरियाणा, मध्यप्रदेश, झारखंड, बंगाल और छत्तीसगढ़ में भी शीतलहर जारी है। पंजाब में एक बुजुर्ग की मौत हो गई।
मौसम विभाग के मुताबिक अभी तीन दिन और ऐसा ही मौसम बना रहेगा। राजधानी दिल्ली समेत कई इलाकों में शुक्रवार सुबह घना कोहरा होगा। शनिवार को जरूर हल्की बारिश की संभावना जताई जा रही है। गुरुवार को दिल्ली के लोगों ने मौसम की सबसे सर्द सुबह में आंखें खोली। अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री कम 15.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले साल 28 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। हवा में नमी का स्तर 82 से 100 फीसद रहा। दिन भर बादल छाए रहे।
हिमाचल और उत्तराखंड में अधिक ऊंचाई वाले स्थानों में रुक-रुक कर बर्फबारी हुई, जबकि मैदानी इलाकों में बादल छाए रहे। भारी बर्फबारी के कारण एक सप्ताह से रोहतांग दर्रे में लोगों की आवाजाही नहीं हो सकी है। उत्तराखंड के हरिद्वार व नैनीताल के स्कूलों मंे शुक्रवार को अवकाश घोषित कर दिया गया है। जम्मू कश्मीर और लद्दाख में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होने से लोगों को कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत मिली। वैष्णो देवी तीर्थस्थल जाने के लिए बेस कैंप कटरा में रात में तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
रबी फसलों के लिए फायदेमंद
करनाल स्थित केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के मुताबिक कोहरा पड़ने और तापमान में गिरावट होने से रबी फसलों की अच्छी पैदावार की उम्मीद है। इनमें गेहूं, सरसों, चना, मटर, गन्ने आदि की फसलों को व्यापक स्तर पर फायदा पहुंचने की उम्मीद काफी बढ़ गई है।
पनबिजली इकाइयों का उत्पादन प्रभावित
पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी के कारण नदियों के जलस्तर में भारी गिरावट आई है। इसकी वजह से पन बिजली इकाइयों में उत्पादन घट गया है। हरियाणा के यमुनानगर में पश्चिमी यमुना नहर पर स्थापित बिजली इकाइयों पर बिजली उत्पादन घटकर करीब पांच लाख यूनिट रह गया है, जबकि क्षमता 10 से 12 लाख है।
शहर और न्यूनतम तापमान
- द्रास -14.4
- केलंग -12.0
- श्रीनगर - 2.3
- मनाली 1.0
- पटियाला 5.5
- दिल्ली 5.2
- नारनौल 3.5
- दतिया 5
- कोलकाता 11.9
- अंबिकापुर 5
दिल्ली-एनसीआर में और बढ़ा प्रदूषण
बादल छाए रहने और हवा की गति भी मंद होने के कारण गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का स्तर बहुत खराब श्रेणी में पहुंच गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी एयर बुलेटिन के मुताबिक गुरुवार को दिल्ली का एयर इंडेक्स 362 दर्ज किया। एनसीआर के शहरों में गाजियाबाद का एयर इंडेक्स 391, फरीदाबाद का 375, ग्रेटर नोएडा का 351 और नोएडा का 378 दर्ज किया गया। केवल गुरुग्राम ही ऐसा जिला रहा जहां एयर इंडेक्स 298 यानि खराब श्रेणी में दर्ज किया गया। शुक्रवार को राहत की संभावना कम ही है। कुछ जगहों पर यह 400 का आंकड़ा पार गंभीर श्रेणी में भी पहुंच सकता है।