तमिलनाडु: 'बीफ खाते हो?', टीचर के सवाल पूछने पर छात्र ने दी जान; जातिगत उत्पीड़न का आरोप
कोयंबटूर में 11वीं कक्षा के एक छात्र ने बीफ खाने को लेकर जाति-आधारित उत्पीड़न और सहपाठियों द्वारा धमकाए जाने के बाद कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, कोयंबटूर। तमिलनाडु के पीलामेडु में 11वीं कक्षा के एक छात्र ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि उसे बीफ खाने को लेकर जाति-आधारित उत्पीड़न और बुलिंग का सामना करना पड़ा था।
यह घटना 21 अक्टूबर को हुई। छात्र की मां ने शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने कहा है कि बच्चे को परेशान करने का सिलसिला लगभग दो महीने पहले शुरू हुआ था।
इस मामले में क्लास टीचर को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, क्लास टीचर ने छात्रों से उनकी जाति के बारे में पूछा था, ताकि स्कालरशिप प्रोग्राम के लिए अनुसूचित जाति के छात्रों को चुना जा सके।
उन्होंने बच्चों से खान-पान के बारे में भी पूछा कि क्या वे बीफ खाते हैं। इसके बाद, 16 साल के उस लड़के और कुछ अन्य छात्रों ने बताया कि वे अनुसूचित जाति से हैं और बीफ खाते हैं।
आरोप है कि इसका पता चलने के बाद ही, उस लड़के को सहपाठियों द्वारा परेशान किया जाने लगा। उसे अलग-थलग कर दिया गया और ताने कसे जाने लगे।
लड़के की मां ने कहा कि उनके बेटे ने क्लास टीचर और प्रिंसिपल से शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसी परेशानी के कारण उनके बेटे ने आत्महत्या कर ली।
हेल्पलाइन (Helpline): यदि आप भी किसी तरह की मानसिक परेशानी से जूझ रहे हैं या फिर ऐसी समस्या झेल रहे किसी शख्स को आप जानते हैं तो नीचे दी गई जानकारी मददगार साबित हो सकती है। सरकार की हेल्पलाइन के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क किया जा सकता है।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
केंद्र सरकार की आधिकारिक वेबसाइट: https://telemanas.mohfw.gov.in/home
डॉक्टरी सलाह लेने के लिए टोल फ्री नंबर पर डायल करें: 18008914416
मानसिक स्वास्थ्य सहायता और संसाधनों तक पहुंचने के लिए टेली मानसिक वेबसाइट (https://telemanas.mohfw.gov.in/home) से एप भी डाउनलोड कर सकते हैं।
