40 KM तक कार की छत पर लटका रहा पुलिस जवान, तमिलनाडु में फिल्मी स्टाइल में पकड़े गए तंबाकू तस्कर
तमिलनाडु के कोयंबटूर में एक पुलिस जवान ने तंबाकू तस्करों को पकड़ने के लिए 40 किलोमीटर तक चलती कार की छत पर लटककर पीछा किया। इ
-1790523470041_m.webp)
पुलिस जवान ने 40 KM तक कार की छत पर लटककर पकड़े तंबाकू तस्कर (स्कीनग्रैब- सोशल मीडिया)
HighLights
पुलिस जवान 40 KM तक चलती कार की छत पर लटका रहा।
तंबाकू तस्करों को पकड़ने के लिए जान जोखिम में डाली।
पुलिस ने 200 किलोग्राम गुटखा जब्त कर तीन आरोपी पकड़े।
डिजिटल डेस्क, चेन्नई। तमिलनाडु के कोयंबटूर से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां तंबाकू तस्करों को पकड़ने के लिए एक पुलिस जवान अपनी जान जोखिम में डालकर 40 किलोमीटर तक चलती कार की छत पर लटका रहा।
दरअसल, यह पूरा मामला कोयंबटूर के विलानकुरिची कस्बे का है, जहां चेकिंग के दौरान कर्नाटक नंबर की हुंडई क्रेटा कार पुलिस को देखकर भागने लगी। गाड़ी में तस्करों के होने की आशंका के बीच पुलिस ने तुरंत बाइक से गाड़ी का पीछा करना शुरू कर दिया।
पुलिस के रोकने के बावजूद चलाते रहें कार
पीछा करने के दौरान, पुलिस जवान ने गाड़ी को रोकने की कोशिश में उससे चिपक कर उसे पकड़ लिया। इसके बावजूद तस्करों ने कार नहीं रोकी और तेजी से चलाते रहे। इस दौरान पुलिस जवान गाड़ी की छत पर चढ़कर तब तक चिपके रहे, जब तक तस्करों ने कार नहीं रोक दी और पकड़े नहीं गए।
पुलिसकर्मी ने कार की छत पर बैठकर करीब 40 किलोमीटर का सफर तय किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस जवान कार की छत पर लटके हुए दिख रहे हैं।
क्या बोले पुलिस अधिकारी?
एक सीनियर पुलिस अधिकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने तंबाकू उत्पादों की तस्करी रोकने के लिए चेकपॉइंट स्थापित किया था। पुलिस को खबर मिली थी कि एक कार में लगभग 300 किलोग्राम गुटखा ले जाया जा रहा है।
जांच के दौरान जब कार नहीं रुकी, तो मुख्य कांस्टेबल जान जोखिम में डालकर कार से चिपक गए। उसी समय बाइक से पीछा कर रहे सब-इंस्पेक्टर ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत नियंत्रण कक्ष और एम्बुलेंस सेवाओं को सतर्क किया। पूरी घटना का यह वीडियो पीछे आ रही एम्बुलेंस से ही रिकॉर्ड किया गया था।
पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए कोयंबटूर जिले की सीमा पर एक पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर आखिरकार कार को रोक लिया।
पुलिस के अनुसार, वाहन से 200 किलोग्राम गुटखा जब्त किया गया है और तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले हैं और कर्नाटक से तस्करी करते हुए आ रहे थे।
