Weather Updates: उत्तर भारत में बादलों का डेरा, देश के कई राज्यों में बारिश के भी हैं आसार
ज्यादातर राज्यों में बुधवार को बादल की आंखमिचौली दिनभर जारी रही। इस कारण कभी धूप तो कभी छांव रही। दिन में लोगों को सर्दी का ज्यादा एहसास भी नहीं हुआ।
नई दिल्ली, जेएनएन। उत्तर भारत में मौसम का मिजाज बुधवार को कुछ सर्द रहा। पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर प्रदेश, नई दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर सहित कई राज्यों में बादलों ने डेरा जमाया हुआ था। इस दौरान सूरज के दर्शन कभी-कभार ही हुए। राजस्थान में तो सीमावर्ती इलाकों में जमकर बदरा बरसे भी।
उधर, पहाड़ी इलाकों जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को पहाड़ी इलाकों में जहां बर्फबारी, वहीं मैदानी इलाकों में बरसात होने के आसार हैं। कई जगह सुबह के समय कोहरा परेशान कर सकता है।
हल्की हवा के साथ ठंडक का अहसास
ज्यादातर राज्यों में बुधवार को बादल की आंखमिचौली दिनभर जारी रही। इस कारण कभी धूप तो कभी छांव रही। दिन में लोगों को सर्दी का ज्यादा एहसास तो नहीं हुआ लेकिन, शाम के समय कुछ राज्यों में हल्की हवा चलने से ठंडक महसूस की गई।
राजस्थान के कई इलाकों में ओले के साथ तेज बारिश
राजस्थान में चक्रवाती हवाओं के कारण सुबह के समय तेज बारिश हुई। कुछ स्थानों पर ओले भी गिरे। उत्तराखंड के नौ जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया है। जम्मू-कश्मीर में भी पारा गिरा है। कश्मीर संभाग में तापमान समान्य से करीब दस डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
हिमाचल प्रदेश में भारी हिमपात
हिमाचल प्रदेश में भी ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। प्रदेश के 11 शहरों में अधिकतम तापमान एक से छह डिग्री तक नीचे गिर गया है। चार शहरों में न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गुरुवार व शुक्रवार को भारी हिमपात व निचले क्षेत्रों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
उधर, बुलबुल के प्रभाव व हवाओं के कारण बंगाल में मौसम सर्द हो गया है। बुधवार को कोलकाता में अधिकतम तापमान 30.1 डिर्ग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 19 डिर्ग्री दर्ज किया गया, जोकि सामान्य से दो से तीन डिर्ग्री कम था। स्काइमेट वेदर के मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत के मुताबिक जम्मू-कश्मीर के पास आने वाले पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को भी बादल छाए रह सकते हैं।