मार्ग को कूड़ेदान बनाने पर तुले लोग
स्वच्छता अभियान चलाए जाने के बावजूद लोग स्वच्छता के प्रति जागरूक नहीं हो रहे हैं, जिससे कचरे का साम्राज्य फैलता ही जा रहा है। लोग जागरूकता के अभाव में घरों की साफ सफाई करने के बाद सारा कचरा घर से बाहर मार्ग के किनारे फेंक कर वातावरण को प्रदूषित करने
संवाद सहयोगी, ऊधमपुर। स्वच्छता अभियान चलाए जाने के बावजूद लोग स्वच्छता के प्रति जागरूक नहीं हो रहे हैं, जिससे कचरे का साम्राज्य फैलता ही जा रहा है। लोग जागरूकता के अभाव में घरों की साफ सफाई करने के बाद सारा कचरा घर से बाहर मार्ग के किनारे फेंक कर वातावरण को प्रदूषित करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
शहर से भारत नगर की ओर जाने वाले मार्ग किनारे फैला कचरा यही दर्शा रहा है कि लोगों के लिए स्वच्छता अभियान केवल उनके घर तक सीमित है। लोग अपने घरों को साफ करने के बाद आसपास के क्षेत्र को प्रदूषित रखने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। अक्सर अपने घरों की साफ सफाई करने के बाद कचरे को घर में रखे कूड़ेदान में डाल देते हैं। बाद में उसी कूड़ेदान को खाली करने के लिए डंपर में कचरा फेंकने की बजाए मार्ग किनारे खुले में फेंक कर चले जाते हैं, जिस कारण लवारिस पशु खाने की तलाश में इस कचरे को पूरे मार्ग पर फैलाते रहते हैं। वहीं, मार्ग से गुजरने वाले लोगों को फैले कचरे के ऊपर से गुजरना पड़ता है। हालांकि लोग जानते हैं कि उनके द्वारा मार्ग किनारे फेंके गए कचरे के कारण उन्हें परेशानी उठानी पड़ सकती है, लेकिन इसकी परवाह किए बिना वह कचरा फेंकना बंद नहीं कर रहे हैं। स्वच्छ भारत अभियान के तहत लोगों ने अपने घरों को साफ करने के साथ-साथ अपने आसपास के क्षेत्र को भी स्वच्छ रखने का संकल्प लिया था, लेकिन लगता है कि लोग स्वच्छता बनाए रखने के प्रति गंभीर नहीं हैं।
कॉलेज मार्ग पर फैला कचरा
ऊधमपुर। डिग्री कॉलेज की ओर जाने वाले सीढिय़ों के पास फैला कचरा यही दर्शाता है कि आसपास रहने वाले लोग घर से निकलने वाले कचरे को मार्ग किनारे फेंक देते हैं, जिस कारण पूरे मार्ग पर जगह-जगह कचरा फैला दिखाई देता है। रोज इसी मार्ग से बड़ी संख्या में कॉलेज के विद्यार्थी गुजरते हैं। वह भी मार्ग पर फैले कचरे को अनदेखा कर आगे निकल जाते हैं। स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए कॉलेज के विद्यार्थियों ने भी अभियान चलाकर लोगों को अपने घर और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने के लिए कहा था, लेकिन विद्यार्थियों के स्वच्छता अभियान का लोगों पर कोई असर होता नजर नहीं आ रहा। लोगों का जहां मन करता है वहीं कचरा फेंक कर चले जाते हैं। उनका कहना है कि अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने के लिए खुद आगे आना होगा।