विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जंतर-मंतर जा रहे वकीलों को हिरासत में लेने पर बवाल, CJI के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने किया रिहा

Published: Sat, 10 Oct 2026 08:56 PM (IST)

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे वकीलों की कथित हिरासत और बल प्रयोग का मामला गरमा गया।

प्रदर्शन में वकीलों को हिरासत में लेने पर बवाल (फोटो-सोशल मीडिया)

प्रदर्शन में वकीलों को हिरासत में लेने पर बवाल (फोटो-सोशल मीडिया)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन के दौरान वकीलों की कथित हिरासत और उन पर अत्यधिक बल प्रयोग का मामला तूल पकड़ गया है।

शनिवार को सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (एससीबीए) और सुप्रीम कोर्ट एडवोकेट्स-आन-रिकार्ड एसोसिएशन (एससीएओआरए) ने इस गंभीर विषय पर प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत से तत्काल हस्तक्षेप की गुहार लगाई। बार निकायों ने अपनी अलग-अलग याचिकाओं में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे वरिष्ठ, युवा और महिला वकीलों की सुरक्षा एवं उनके ठिकानों को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की थी।

सूत्रों के अनुसार, वकील जंतर-मंतर जा रहे थे, जहां 'कॉकरोच जनता पार्टी' ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है। बहरहाल, एससीबीए ने अपने प्रस्ताव में सुप्रीम कोर्ट परिसर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे वकीलों को हिरासत में लिए जाने और उनके खिलाफ कथित रूप से अत्यधिक बल के प्रयोग की तीव्र निंदा की।

बार निकाय ने सीजेआइ से आग्रह किया था कि वे संबंधित अधिकारियों से बात कर यह सुनिश्चित करें कि हिरासत में लिए गए प्रत्येक वकील की सुरक्षा और ठिकाने की तुरंत जानकारी मिले, उन्हें कानूनी सहायता मुहैया कराई जाए और जिनके खिलाफ कोई कानूनी आधार नहीं है, उन्हें तुरंत रिहा किया जाए। प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत के समय पर और प्रभावी मौखिक हस्तक्षेप के बाद स्थिति 'सामान्य' हुई।

सीजेआई ने खुद मीडिया को पुष्टि की कि उनके हस्तक्षेप के बाद सभी वकीलों को रिहा कर दिया गया है। एससीबीए अध्यक्ष प्रदीप कुमार राय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' के माध्यम से सीजेआई के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने भी पूरी स्थिति पर नजर रखते हुए वकीलों की रिहाई की प्रक्रिया को पूरा किया, जिससे वकीलों और बार संगठनों ने राहत की सांस ली है।

(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)