'अच्छी बात है, लेकिन...' चिराग पासवान ने की राहुल गांधी के 'सत्याग्रह' प्लेटफॉर्म की तारीफ
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने राहुल गांधी के 'सत्याग्रह' डिजिटल प्लेटफॉर्म की सराहना की, इसे युवाओं को विचार व्यक्त करने का मंच बताया।

चिराग पासवान ने राहुल गांधी के 'सत्याग्रह' मंच की तारीफ की (फाइल फोटो)
HighLights
चिराग पासवान ने राहुल गांधी के 'सत्याग्रह' प्लेटफॉर्म की सराहना की।
विपक्ष पर लगातार झूठ और भ्रम फैलाने का आरोप लगाया।
राहुल गांधी को सत्याग्रह के बजाय आत्मनिरीक्षण की सलाह दी।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा देश भर में विभिन्न मुद्दों पर हो रहे विरोध प्रदर्शनों को एकजुट करने के लिए शुरू किए गए सत्याग्रह डिजिटल प्लेटफॉर्म की सराहना की है।
चिराग पासवान ने कहा कि युवाओं और नागरिकों को अपने विचार व्यक्त करने के लिए अधिक से अधिक मंच मिलना अच्छी बात है, मैंने हमेशा युवाओं और हमारे भारतीय नागरिकों को अपने विचार व्यक्त करने के लिए अधिक से अधिक मंच उपलब्ध कराने की वकालत की है।
विपक्ष पर लगाया भ्रम फैलाने का आरोप
हालांकि, पहल की तारीफ करने के साथ ही चिराग पासवान ने विपक्ष पर तीखा हमला भी बोला। उन्होंने कहा कि 'सत्याग्रह' नाम का चुनाव तो बहुत अच्छा है, लेकिन विपक्ष की आदत लगातार झूठ और भ्रम फैलाने की बन चुकी है।
चिराग पासवान ने कहा कि विपक्ष कई गंभीर मुद्दे उठाता तो है, लेकिन उन्हें बीच में ही छोड़ देता है, जिससे जनता में EVM से लेकर SIR तक हर विषय को लेकर अनावश्यक भ्रम की स्थिति पैदा हो जाती है।
सत्याग्रह नहीं, आत्मनिरीक्षण की जरूरत
केंद्रीय मंत्री पासवान ने आगे कहा कि सच्चाई यह है कि देश की जनता बार-बार विपक्ष को खारिज कर रही है। इसे समझने के लिए राहुल गांधी और उनकी पार्टी को केवल सत्याग्रह का सहारा लेने के बजाय आत्मनिरीक्षण करने की सख्त जरूरत है। उन्होंने कहा कि केवल मंच बनाने से नहीं, बल्कि अपनी सोच और नीयत में बदलाव लाने से ही विपक्ष को वास्तविकता का अहसास होगा।
राहुल गांधी का क्या है उद्देश्य?
गौरतलब है कि राहुल गांधी ने हाल ही में 'सत्याग्रह' वेबसाइट लॉन्च की है, जिसका मकसद देशभर में अलग-अलग संघर्ष कर रहे छात्रों, किसानों, आदिवासियों, दलितों और महिलाओं को एक मंच पर लाना है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के बताए सत्य के रास्ते पर चलते हुए यह प्लेटफॉर्म सभी अकेली आवाजों को एकजुट करेगा।
राहुल गांधी का कहना है कि इस प्लेटफॉर्म के जरिए अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने वालों के साथ वह संसद से लेकर सड़क तक मजबूती से खड़े रहेंगे।
