दुर्गापूजा आयोजकों को अपने देश की सैर पर ले जाएगा चीन
कोलकाता में चीनी महा वाणिज्यदूत मा झानवु ने बताया कि हम 10 लोगों के समूह को चीन के दौरे के लिए प्रायोजित करेंगे, जो पूजा आयोजक विजेता घोषित होंगे।
कोलकाता, जागरण संवाददाता। डोकलाम को लेकर हुए विवाद के खत्म होने के बाद चीन अब भारत के साथ दोस्ती बढ़ाने की कोशिशों में जुटा हुआ है। इस बाबत उसने पश्चिम बंगाल की मशहूर दुर्गापूजा का सहारा लिया है। चीनी वाणिज्य दूतावास कोलकाता के कुछ विजयी दुर्गापूजा आयोजकों को अपने देश की सैर पर ले जाएगा। उनके चयन के लिए उसने एक गैरसरकारी संगठन के साथ करार किया है।
कोलकाता में चीनी महा वाणिज्यदूत मा झानवु ने बताया कि हम 10 लोगों के समूह को चीन के दौरे के लिए प्रायोजित करेंगे, जो पूजा आयोजक विजेता घोषित होंगे, उन्हें चीन घुमाने ले जाया जाएगा। विजयी पंडालों का चयन मंत्रियों एवं जानी-मानी हस्तियों द्वारा किया जाएगा। विजयी पंडालों का चयन उनपर की गई चित्रकारी, सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे पहलुओं के आधार पर किया जाएगा।
चीनी महा वाणिज्यदूत ने इसे दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान का हिस्सा बताते हुए कहा कि पिछले साल भी छह पंडालों से जुड़े 13 लोगों को चीन के दौरे पर ले जाया गया था।