नोटबंदी जैसी साबित होगी बुलेट ट्रेन परियोजना : चिदंबरम
पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री ने एक दिन पहले शुक्रवार को मुंबई में एलफिंस्टन रोड स्टेशन के पास हुए हादसे पर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की।
नई दिल्ली, प्रेट्र : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने बुलेट ट्रेन परियोजना की आलोचना की है। उन्होंने शनिवार को कहा कि यह भी नोटबंदी जैसा कदम साबित होगा। यह परियोजना रेलवे सुरक्षा सुनिश्चित करने की जगह सभी चीजों की हत्या करने वाली साबित होगी। उन्होंने इसकी जगह रेल सुरक्षा में सुधार पर धन खर्च करने का सुझाव दिया है।
पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री ने एक दिन पहले शुक्रवार को मुंबई में एलफिंस्टन रोड स्टेशन के पास हुए हादसे पर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुंबई और अहमदाबाद को जोड़ने वाली बुलेट ट्रेन परियोजना आम लोगों के लिए नहीं है। इसकी जगह यह परियोजना धनी और प्रभावशाली लोगों की दिखावटी यात्रा का इंतजाम साबित होगी।
यह भी पढ़ें: मुंबई हादसे पर राज ठाकरे ने सरकार को दी चुनौती, कहा- चला कर दिखाओ बुलेट ट्रेन
चिदंबरम ने रेल मंत्री पीयूष गोयल को इस योजना के लिए रखे गए एक लाख करोड़ का देश में रेलवे सुरक्षा पर इस्तेमाल करने का सुझाव दिया। रेल मंत्री एक लाख करोड़ रुपये रेल लाइन सुधार, सिग्नल आदि पर खर्च कर सकते हैं।