छत्तीसगढ़: जहां मंत्री की पत्नी बना रहीं रिजॉर्ट, वहां सरकार की थी ये योजना
बृजमोहन अग्रवाल की पत्नी ने जिस फॉरेस्ट लैंड को खरीदा है, उसे किसान विष्णु साहु ने 1994 में जल संसाधन विभाग को दान किया था।
नई दिल्ली। हाल ही में छत्तीसगढ़ के मंत्री और भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल की पत्नी सरिता अग्रवाल द्वारा राज्य का 4.12 हेक्टेयर फॉरेस्ट लैंड खरीदकर उस पर एक रिजॉर्ट बनाने की खबर सामने आई थी। अब खबर है कि जिस फॉरेस्ट लैंड पर वह अपने बेटे के साथ रिजॉर्ट बना रही हैं, उसको लेकर राज्य सरकार की एक खास योजना थी। वह क्षेत्र को एक अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल के तौर पर विकसित करना चाहती थी।
इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, बृजमोहन अग्रवाल उस कैबिनेट के एक सदस्य थे, जिसने इस पर फैसला लेने के लिए एक कमेटी के गठन को मंजूरी दी थी। इसको लेकर आधिकारिक रिकॉर्ड उपलब्ध है। बृजमोहन अग्रवाल की पत्नी ने जिस फॉरेस्ट लैंड को खरीदा है, उसे किसान विष्णु साहु ने 1994 में जल संसाधन विभाग को दान किया था। उसके बाद यह वन विभाग को हस्तांतरित किया गया। सरकार ने 2003 में वनरोपण के लिए इस पर करीब 22 लाख रुपए खर्च किया था।
अब उस जमीन पर सरिता अग्रवाल द्वारा कुछ कंपनियों के साथ मिलकर उस पर एक रिजॉर्ट बनाया जा रहा है। इसमें उनका बेटा अभिषेक अग्रवाल भी पार्टनर हैं। जाल्कि गांव जो सिरपुर से 13 किमी दूर है, उसे छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा एक संभावित पर्यटन स्थल के तौर पर चिन्हित किया गया था। गौरतलब है कि फॉरेस्ट लैंड पर सरकार का स्वामित्व होता और उसे बेचा नहीं जा सकता।
यह भी पढ़ें: बिहार में सियासी संकट के बीच कांग्रेस नेताओं का राहुल गांधी पर ये गंभीर आरोप