छत्तीसगढ़ में खौफनाक वारदात: प्यार ठुकराया तो चेहरे पर फिंकवाया तेजाब, मुख्य आरोपी समेत दो गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, छात्रा और यश के बीच प्रेम संबंध थे। छात्रा द्वारा किसी अन्य युवक से प्रेम संबंध और ...और पढ़ें

छत्तीसगढ़ में प्यार ठुकराया तो चेहरे पर फिंकवाया तेजाब
HighLights
प्रेमी ने दोस्त को बुलाकर कराया हमला, दोनों गिरफ्तार
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
जेएनएन, बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद शहर की सिंचाई कॉलोनी में सोमवार दोपहर साढ़े 12 बजे कॉलेज छात्रा एकता साहू पर हुए सनसनीखेज एसिड अटैक का पुलिस ने महज आठ घंटे के भीतर खुलासा कर दिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि छात्रा पर एसिड फेंकने की साजिश किसी अजनबी ने नहीं, बल्कि उसके कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर ने रची थी। यश ने अपने स्कूल के दोस्त करण कुंजाम, निवासी भैरमगढ़, बीजापुर को बालोद बुलाया और उसके हाथों छात्रा पर तेजाब फिंकवाया। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
तीन महीने पहले रची थी साजिश
पुलिस के अनुसार, छात्रा और यश के बीच प्रेम संबंध थे। छात्रा द्वारा किसी अन्य युवक से प्रेम संबंध और शादी की बात स्वीकार नहीं किए जाने से यश नाराज था। इसी गुस्से में उसने करीब तीन महीने पहले अपने स्कूल फ्रेंड करण के साथ मिलकर छात्रा पर एसिड अटैक करने की साजिश रची।
योजना के तहत यश ने करण को 26 सितंबर को भैरमगढ़ से बालोद बुलाया। अगले दिन दोनों ने एसिड खरीदा और गणेश झांकी के दौरान छात्रा पर हमला करने की तैयारी की। हालांकि, उस समय शहर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए दोनों ने वारदात को टाल दिया।
लाइब्रेरी से घर लौटते समय किया हमला
इसके बाद आरोपितों ने दूसरे मौके का इंतजार किया। 5 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:30 बजे छात्रा लाइब्रेरी से घर लौट रही थी। इसी दौरान सिंचाई कॉलोनी क्षेत्र में यश के कहने पर करण ने छात्रा पर एसिड फेंक दिया।
अचानक हुए हमले से छात्रा चीखने लगी। आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर निकले और उसके परिजनों को सूचना दी। घायल छात्रा को तत्काल जिला अस्पताल बालोद पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रायपुर रेफर किया गया।
वारदात के बाद तांदुला डैम की ओर भागा आरोपी
एसिड फेंकने के बाद करण मौके से भागकर तांदुला डैम की ओर चला गया। वहां से लिफ्ट लेकर वह झलमला, मरकाटोला होते हुए चारामा पहुंचा और आगे निकलने की कोशिश की। इधर पुलिस ने घटना के तुरंत बाद शहर में सर्च अभियान शुरू कर दिया।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। एसडीओपी विनय साहू के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शहर के अलग-अलग स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का संदेह छात्रा के कथित प्रेमी यश सोनकर पर गया। पूछताछ में यश ने पहले पुलिस को अलग-अलग कहानियां बताकर गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन कड़ाई से पूछताछ में पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया।
प्रेमी के इशारे पर दोस्त ने फेंका तेजाब
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में यश ने प्रेम संबंध और छात्रा से नाराजगी की बात स्वीकार की। उसने बताया कि उसने ही करण के साथ मिलकर एसिड अटैक की योजना बनाई थी। घटना वाले दिन भी यश ने करण को छात्रा की गतिविधियों की जानकारी दी और उसके कहने पर करण ने छात्रा पर एसिड फेंका।
यश से मिली जानकारी के बाद पुलिस ने करण की तलाश तेज की और उसे कोंडागांव से हिरासत में ले लिया। इस तरह पुलिस ने घटना के महज आठ घंटे के भीतर दोनों आरोपितों को पकड़ लिया।
एसिड और कपड़े जब्त
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपितों ने अपने मेमोरेण्डम कथन में घटना कारित करना स्वीकार किया है। उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया एसिड तथा वारदात के समय पहने गए कपड़े भी पुलिस ने जब्त किए हैं।
दोनों आरोपित यश कुमार सोनकर पिता ईश्वर लाल सोनकर (20), वार्ड नंबर 11, ग्राम नेवारीकला, जिला बालोद एवं करण कुंजाम पिता दिनेश कुंजाम (20) वार्ड नंबर 15, भैरमगढ़, थाना भैरमगढ़, जिला बीजापुर के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
मामले के खुलासे में थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, थाना प्रभारी गुरुर निरीक्षक मुकेश सिंह, साइबर प्रभारी धरम भुआर्य, आरक्षक संजय सोनी सहित कोतवाली बालोद के थाना स्टाफ और साइबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
