जोगी के जाल में फंस सकते हैं भाजपा के चंदू
देश में यूं तो मोदी बनाम कांग्रेस लड़ाई होती दिख रही है, लेकिन छत्तीसगढ़ के महासमुंद में भाजपा अजीत जोगी के साथ लड़ रही है। प्रतिष्ठा की लड़ाई लड़ रहे जोगी ने यहां ऐसा जाल बिछाया है, जिससे भाजपा के वर्तमान सांसद चंदूलाल साहू की राह मुश्किल हो गई है। अब साहू को केवल मोदी लहर का सहारा है। पिछली बार 10-1
महासमुंद, हरिकिशन शर्मा।
देश में यूं तो मोदी बनाम कांग्रेस लड़ाई होती दिख रही है, लेकिन छत्तीसगढ़ के महासमुंद में भाजपा अजीत जोगी के साथ लड़ रही है। प्रतिष्ठा की लड़ाई लड़ रहे जोगी ने यहां ऐसा जाल बिछाया है, जिससे भाजपा के वर्तमान सांसद चंदूलाल साहू की राह मुश्किल हो गई है। अब साहू को केवल मोदी लहर का सहारा है।
पिछली बार 10-1 से लोकसभा में बाजी मार चुकी भाजपा के लिए कुछ दिन पहले तक अंकगणित पक्ष में था। कुछ ही महीने पहले हुए विधानसभा चुनाव के नतीजों के आधार पर भी भाजपा की स्थिति मजबूत थी। पार्टी ने संसदीय क्षेत्र की आठ में छह सीटों पर कब्जा किया था। लेकिन छत्तीसगढ़ में सबको इसका अहसास है कि राजनीतिक मुकाबला जोगी से हो तो कुछ भी आसान नहीं है। दरअसल जोगी ने कांग्रेस के संगठन के कायदे कानूनों को धता बताकर अपनी गोटी तो बिछाई ही, बताते हैं कि भाजपा के एक कद्दावर नेता भी अपनी पार्टी के उम्मीदवार के पक्ष में वांछित सहयोग नहीं कर रहे हैं। चंदू के सामने करीब दर्जनभर उम्मीदवार ऐसे खड़े हैं, जिनका नाम चंदू है। साहू आरोप लगाते हैं कि जोगी ने अपनी जीत के लिए यहां षड्यंत्र रचा है।
भाजपा के नारों संग लय मिला रहे कांग्रेसी उम्मीदवार
कांग्रेस ने प्रचार में भाजपा से पिछड़ने की बात स्वीकार की है, इसकी झलक छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में साफ दिखती है। कांग्रेस के उम्मीदवार मतदाताओं का ध्यान खींचने के लिए भाजपा के नारों से मिलते-जुलते नारे गढ़ रहे हैं।
रायपुर से कांग्रेस के उम्मीदवार सत्यनारायण शर्मा भाजपा के छह बार के सांसद रमेश बैस के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। शर्मा का आरोप है कि बैस निष्क्रिय सांसद हैं। शर्मा ने भाजपा के नारे 'अबकी बार मोदी सरकार' की तर्ज पर 'सक्रिय सांसद अबकी बार' का नारा दिया है। इसी तरह भोपाल में कांग्रेस उम्मीदवार पीसी शर्मा ने भी भाजपा के नारे 'अच्छे दिन आने वाले हैं' की तर्ज पर 'अच्छे दिन आने वाले हैं, पीसी भाई दिल्ली जाने वाले हैं' का नारा दिया है।