मनाली-चंडीगढ़ हाईवे पर नौ घंटे बाद यातायात बहाल
मनाली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनाला के पास पहाड़ी दरकने से बंद पड़ी वाहनों की आवाजाही नौ घंटे बाद बहाल हो गई है।
जेएनएन, मंडी। मनाली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनाला के पास पहाड़ी दरकने से बंद पड़ी वाहनों की आवाजाही नौ घंटे बाद बहाल हो गई है। प्रशासन सुबह से मलबे व चटटानों को हटाने में जुटा था। मलबे की चपेट में आने से यहां फोरलेन के काम में लगी एक जेसीबी दब गई है। गनीमत यह रही कि मशीन में उस समय कोई सवार नहीं था। पहाड़ी दरकने से काफी मात्रा में मलबा व बड़ी बड़ी चट्टानें सड़क पर आ गई। इससे एनएच पूरी तरह से यातायात के लिए अवरुद्ध हो गया था। मार्ग बहाली का कार्य देख रहे एक पर्यटक के सिर पर पहाड़ी से पत्थर लग गया, जिसे घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया है। दिन में छोटे वाहनों व बसों को बाया कटौला होकर कुल्लू भेजा गया।
औट थाना प्रभारी यशवंत ने बताया कि सुबह करीब छह बजे पहाड़ी दरकने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। प्रशासन ने यातायात बहाल कर दिया है।
सैंज में भी दरकी थी पहाड़ी
मंगलवार को कुल्लू के सैंज में औट सड़क के साथ लगती पहाड़ी दरकने से आवाजाही बंद हो गई थी। सोमवार रात करीब चार बजे भूस्खलन होने से सैंज बाजार की आवाजाही बंद रही। गनीमत रही कि भूस्खलन की चपेट में कोई गाड़ी या पैदल राहगीर नहीं आया। बाजार के निकट पहाड़ी धंसने से दो दुकानों सहित एक रिहायशी मकान क्षतिग्रस्त हुआ।